विश्व बुजुर्ग दुर्व्यवहार जागरुकता दिवस पर ऊखीमठ पुलिस ने प्रशासन के साथ चलाया जागरुकता अभियान, बुजुर्गों की सुरक्षा व सम्मान का लिया संकल्प |

ऊखीमठ | विश्व बुजुर्ग दुर्व्यवहार जागरुकता दिवस” के अवसर पर ब्लॉक सभागार ऊखीमठ में स्थानीय वरिष्ठ नागरिकों के साथ एक विशेष जागरुकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में कोतवाली ऊखीमठ पुलिस, खंड विकास अधिकारी एवं सहायक समाज कल्याण अधिकारी की संयुक्त उपस्थिति में वरिष्ठ नागरिकों को उनके अधिकारों और सुरक्षा के प्रति जागरुक किया गया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों द्वारा बुजुर्गों के कल्याण और सुरक्षा से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी दी ग यी कोतवाली ऊखीमठ पुलिस द्वारा वरिष्ठ नागरिकों को ‘माता-पिता और वरिष्ठ नागरिकों का भरण-पोषण तथा कल्याण अधिनियम’ सहित उनके अन्य कानूनी अधिकारों व पुलिस हेल्पलाइन नम्बरों की जानकारी दी गयी। सहायक समाज कल्याण अधिकारी एवं खंड विकास अधिकारी द्वारा सरकार द्वारा बुजुर्गों के लिए चलायी जा रही विभिन्न सामाजिक सुरक्षा, वृद्धावस्था पेंशन व अन्य कल्याणकारी योजनाओं से अवगत कराया गया और लाभ लेने की प्रक्रिया समझायी गयी । कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनसमूह और पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा बुजुर्गों की उचित देखभाल करने, उनके प्रति हमेशा सहानुभूति रखने, मानसिक व भावनात्मक समर्थन देने तथा समाज में उनके अधिकारों के प्रति जागरुकता फैलाने का सामूहिक संकल्प लिया गया। उपस्थित अधिकारियों ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि एक सहायक एवं समावेशी समाज का निर्माण तभी संभव है जब हमारे बुजुर्ग सुरक्षित और सम्मानित महसूस करें । जनपद रुद्रप्रयाग पुलिस वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा और सहायता के लिए सदैव प्रतिबद्ध है। किसी भी प्रकार की समस्या, दुर्व्यवहार या आपातकालीन स्थिति में बुजुर्ग या उनके परिजन नजदीकी कोतवाली/चौकी अथवा 112 पर पुलिस से संपर्क कर सकते हैं ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *