सोनप्रयाग | केदारनाथ धाम यात्रा के मुख्य पड़ाव सोनप्रयाग तथा सीतापुर क्षेत्र में अग्निसुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अग्निशमन एवं आपात सेवा उत्तराखंड देहरादून और पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग के निर्देशों के अनुपालन में प्रभारी फायर स्टेशन रुद्रप्रयाग ने क्षेत्र में संचालित होटलों, धर्मशालाओं, रेस्टोरेंटों और गेस्ट हाउसों का सघन फायर ऑडिट किया। यात्रा सीजन के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के उद्देश्य से यह कार्यवाही की गई । निरीक्षण के दौरान फायर टीम द्वारा व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में स्थापित प्राथमिक अग्निशमन उपकरणों की कार्यशीलता, आपातकालीन निकास मार्गों की उपलब्धता, विद्युत वायरिंग की स्थिति और अग्निसुरक्षा प्रमाण पत्र की वैधता की गहन जांच की गई । जिन प्रतिष्ठानों में सुरक्षा मानकों में कमियां पाई गईं, उन्हें शीघ्र दुरुस्त करने के निर्देश देते हुए सम्बन्धित संचालकों को नोटिस व सुझाव पत्र जारी किए गए। इसके साथ ही, होटल और रेस्टोरेंट स्टाफ को आग लगने की स्थिति में अग्निशमन उपकरणों के त्वरित संचालन और बचाव कार्यों का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया ।
सोनप्रयाग और सीतापुर में होटलों का फायर ऑडिट : कमियां मिलने पर संचालकों को नोटिस जारी ।
















Leave a Reply