केदारनाथ में परिवार से बिछड़े 12 वर्षीय मासूम को पुलिस ने आधे घंटे में ढूंढ निकाला, परिजनों ने जताया आभार ।

केदारनाथ | केदारनाथ धाम में पुलिस की सतर्कता और मुस्तैदी से एक बार फिर एक परिवार की खुशियां लौटाई हैं । आपातकालीन सेवा 112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि मध्य प्रदेश के सागर जिले से अपने दादा-दादी के साथ बाबा केदार के दर्शन करने आया 12 वर्षीय बालक शिवांश दर्शन करने के उपरान्त मंदिर परिसर के पास अचानक अपने बुजुर्ग दादा-दादी से बिछड़ गया है । ​भीड़भाड़ वाले इस संवेदनशील क्षेत्र में बच्चे के खोने की सूचना मिलते ही 112 सेवा में नियुक्त पुलिसकर्मियों ने बिना वक्त गंवाए त्वरित कार्यवाही शुरू की। ड्यूटी पर तैनात मुख्य आरक्षी सुशील थपलियाल, आरक्षी अनुज कुमार और आरक्षी गुड्डू ने तत्काल मोर्चा संभाला और संभावित स्थानों पर सघन खोजबीन शुरू कर दी । ​पुलिस टीम की सूझबूझ और तत्परता का ही परिणाम था कि महज आधे घंटे के भीतर ही मासूम शिवांश को सकुशल ढूंढ निकाल लिया गया। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने बालक को उसके परेशान दादा-दादी के सुपुर्द किया। अपने जिगर के टुकड़े को सही-सलामत वापस पाकर बुजुर्ग दादा-दादी भावुक हो उठे और उन्होंने उत्तराखंड पुलिस की इस त्वरित व मानवीय कार्यवाही के लिए पुलिस प्रशासन का तहे दिल से आभार प्रकट किया। स्थानीय श्रद्धालुओं और तीर्थयात्रियों ने भी पुलिस टीम के इस त्वरित रेस्क्यू की जमकर सराहना की है ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *