कोतवाली रुद्रप्रयाग पुलिस की तत्परता : बेटी की शादी के जेवरात व कीमती सामान से भरा बैग सुरक्षित बरामद ।

रुद्रप्रयाग | ​उत्तराखंड पुलिस की मुस्तैदी और मानवीय चेहरे का एक और सराहनीय उदाहरण सामने आया है। जनपद रुद्रप्रयाग पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए एक व्यक्ति का खोया हुआ कीमती सामान जिसमें बेटी की शादी के जेवरात और कपड़े थे, सकुशल बरामद कर उनके चेहरे पर मुस्कान वापस ला दी है । ग्राम गौणा जिला चमोली दलीप सिंह ने डायल 112 के माध्यम से रुद्रप्रयाग पुलिस को सूचित किया कि सफर के दौरान नगरासू के पास उनका एक बैग वाहन में ही छूट गया है। वे रास्ते में खाना खाने के लिए नगरासू के पास उतरे थे हालांकि बस सवार अन्य यात्री भी उतरे थे परन्तु इस मध्य बस वहां से रवाना हो चुकी थी। वे किसी दूसरी बस से नगरासू से रुद्रप्रयाग तक पहुंचे। उनके बस में छूटे बैग में उनकी बेटी की शादी से जुड़े आभूषण, कपड़े और अन्य आवश्यक दस्तावेज थे। डायल 112 पर सूचना देने के साथ ही वह पुलिस कंट्रोल रूम में भी आ गए थे। परेशानी की बात यह थी कि उनको उस वाहन का नम्बर भी सही ढंग से याद नहीं था, जिससे वह बेहद परेशान और हताश थे। ​मामले की संवेदनशीलता और उनकी परेशानी को देखते हुए पुलिस कंट्रोल रूम की टीम ने CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले और उनकी उपस्थिति में सम्बन्धित वाहन (बस) की पहचान की। वाहन (बस) की पहचान होते ही जी.एम.ओ.यू. (GMOU) पौड़ी से सम्पर्क कर और ई-चालान मशीन में वाहन नम्बर डालकर वाहन स्वामी और चालक की जानकारी जुटाई गई। वाहन चालक से सम्पर्क स्थापित होने पर उनका काफी सहयोगात्मक रवैया रहा व उन्होने आश्वस्त किया कि वे आज की सवारियों को ऋषिकेश छोड़ने जा रहे हैं और कल वापस बद्रीनाथ के लिए यात्री लेकर आयेंगे और बैग को सुरक्षित वापस लेकर पुलिस थाना रुद्रप्रयाग में देंगे। उनके द्वारा वापसी में बैग को गत दिवस कोतवाली रुद्रप्रयाग पुलिस के सुपुर्द किया गया। आज रुद्रप्रयाग पुलिस ने दलीप सिंह जी को उनका बैग वापस लौटाया गया। श्री दलीप सिंह ने उत्तराखण्ड पुलिस की कार्यप्रणाली की भूरि-भूरि प्रशंसा की और समस्त पुलिस टीम का सहृदय आभार व्यक्त किया ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *