अग्नि सुरक्षा को लेकर रुद्रप्रयाग पुलिस सख्त, फायर स्टेशन टीम ने होटलों और धर्मशालाओं में किया सघन चेकिंग अभियान ।

रुद्रप्रयाग | ​जनपद रुद्रप्रयाग में अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने और किसी भी संभावित दुर्घटना को रोकने के उद्देश्य से रुद्रप्रयाग पुलिस द्वारा लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। अपर पुलिस महानिदेशक (प्रशासन), उत्तराखण्ड पुलिस मुख्यालय, देहरादून एवं पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग के आदेश-निर्देशों के क्रम में फायर स्टेशन रुद्रप्रयाग की टीम द्वारा प्रभारी अग्निशमन अधिकारी गणनाथ सिंह बिष्ट के नेतृत्व में जनपद मुख्यालय रुद्रप्रयाग एवं आसपास के क्षेत्र में संचालित होटलों, धर्मशालाओं और रेस्टोरेंटों का सघन अग्नि सुरक्षा निरीक्षण और ऑडिट किया गया । ​इस सघन चेकिंग अभियान के दौरान फायर सर्विस की टीम द्वारा विभिन्न संस्थानों में स्थापित अग्निशमन यंत्रों की कार्यशीलता, आपातकालीन निकास मार्गों की उपलब्धता, विद्युत वायरिंग की स्थिति तथा अग्नि सुरक्षा अनापत्ति प्रमाण पत्र (फायर एनओसी) की गहनता से जांच की गई। सुरक्षा मानकों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो, इसके लिए टीम द्वारा मौके पर ही उपकरणों को चलाकर भी परखा गया । ​जांच के दौरान जिन व्यावसायिक संस्थानों में कमियां पाई गईं, उन्हें एन.बी.सी. (नेशनल बिल्डिंग कोड) भाग-4 (फायर एंड लाइफ सेफ्टी) के तय मानकों के अनुसार सभी अनिवार्य अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं को तत्काल पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। इस सम्बन्ध में सम्बन्धित प्रबंधकों को सुझाव पत्र निर्गत कर कड़े लहजे में निर्देशित किया गया है कि निर्धारित अवधि के भीतर कमियों को दूर न करने पर संबंधित संस्थान के विरुद्ध नियमानुसार सख्त वैधानिक कार्यवाही अमल में लाई जाएगी ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *