एसएचओ ऊखीमठ ने ​तुंगनाथ व चंद्रशिला ट्रैक पर सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा तुंगनाथ मंदिर परिसर सहित आसपास के क्षेत्र में चंद्रशिला ट्रैकिंग के सम्बन्ध में लगाए गए चेतावनी बोर्ड ।

रुद्रप्रयाग | केदारनाथ यात्रा के साथ-साथ विश्व के सबसे ऊंचे शिवालय तृतीय केदार श्री तुंगनाथ धाम में श्रद्धालुओं की सुरक्षित और सुव्यवस्थित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए रुद्रप्रयाग पुलिस लगातार प्रयासरत है। एसपी रुद्रप्रयाग के निर्देशन में आज दिनांक 06 जून 2026 को प्रभारी निरीक्षक ऊखीमठ मनोज नेगी द्वारा चोपता-तुंगनाथ मंदिर ट्रैक और चंद्रशिला ट्रैक पर पुलिस व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया गया। इस दौरान यात्रियों की सुरक्षा के दृष्टिगत महत्वपूर्ण कदम उठाए गए और स्थानीय स्तर पर सुरक्षा व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ किया गया । ​मौसम के खतरे को देखते हुए तीन मुख्य स्थानों पर लगाए गए चेतावनी बोर्ड – ​मौसम के अचानक बदलने और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में होने वाले खतरों को देखते हुए पुलिस द्वारा ट्रैक मार्ग पर तीन प्रमुख स्थानों—चोपता घोड़ा स्टैंड (तुंगनाथ मंदिर प्रवेश द्वार के निकट), तुंगनाथ मंदिर परिसर और चंद्रशिला ट्रैक पर चेतावनी बोर्ड स्थापित किए गए हैं। इन बोर्डों के माध्यम से पर्यटकों और श्रद्धालुओं को सख्त हिदायत दी गई है कि – ​खराब मौसम, अत्यधिक वर्षा अथवा भारी कोहरा होने की स्थिति में कतई आगे न बढ़ें । ​दोपहर 1:00 बजे के बाद चंद्रशिला ट्रैक पर बिल्कुल न जाएं, क्योंकि इस ऊंचाई वाले क्षेत्र में आकाशीय बिजली (लाइटनिंग) गिरने का अत्यधिक खतरा रहता है, जिससे जान-माल की क्षति हो सकती है । ​इसके अतिरिक्त, तुंगनाथ मंदिर में स्थापित लाउडस्पीकर के माध्यम से भी निरन्तर उद्घोषणा (अनाउंसमेंट) कर श्रद्धालुओं को मौसम और सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक व सतर्क किया जा रहा है । ​ड्यूटीरत पुलिसकर्मियों को आवश्यक निर्देश और मंदिर समिति से वार्ता – ​निरीक्षण के दौरान ट्रैक और मंदिर परिसर में मुस्तैद पुलिस बल को यात्रियों की सुरक्षा, सहायता और संवेदनशीलता के साथ ड्यूटी करने के सम्बन्ध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इसके साथ ही मंदिर समिति के पदाधिकारियों श्री अभिषेक मैठाणी, श्री प्रमोद मैठाणी श्री रेवाधर मैठाणी जी व अन्य के साथ बैठक कर तुंगनाथ धाम में श्रद्धालुओं के लिए और बेहतर व सुगम दर्शन व्यवस्था बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई ।

​श्रद्धालुओं से सीधा संवाद और फीडबैक – ​भ्रमण के दौरान प्रभारी निरीक्षक द्वारा तुंगनाथ धाम में दर्शन कर चुके देश-विदेश के श्रद्धालुओं और पर्यटकों से सीधा संवाद किया गया। पुलिस द्वारा उनके यात्रा अनुभवों को जाना गया और यात्रा मार्ग पर मिल रही सुविधाओं व पुलिस व्यवस्थाओं के सम्बन्ध में फीडबैक भी लिया गया, जिस पर श्रद्धालुओं ने संतोष व्यक्त किया । ​जनपद पुलिस द्वारा सभी श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे ऊंचे हिमालयी क्षेत्रों में यात्रा करते समय मौसम के अपडेट का विशेष ध्यान रखें और पुलिस व स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी गाइडलाइंस का पूरी तरह पालन करें ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *