रुद्रप्रयाग | जनपद रुद्रप्रयाग में स्थित तृतीय केदार भगवान तुंगनाथ जी के दर्शन हेतु इन दिनों देश-विदेश से भारी संख्या में श्रद्धालुओं का आगमन हो रहा है। प्रचलित चारधाम यात्रा के साथ-साथ तुंगनाथ धाम में उमड़ती भक्तों की भारी भीड़ के दृष्टिगत पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। इसी क्रम में आज उत्तराखण्ड के अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) डॉ. वी. मुरुगेशन द्वारा चोपता से लेकर श्री तुंगनाथ मंदिर तक के सम्पूर्ण पैदल मार्ग का भ्रमण कर गहन स्थलीय निरीक्षण किया गया । निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस महानिदेशक ने सम्पूर्ण यात्रा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने दुर्गम चढ़ाई और संवेदनशील मोड़ों पर तैनात सुरक्षाकर्मियों की स्थिति को देखा तथा पैदल मार्ग से लेकर मंदिर परिसर तक ड्यूटी पर तैनात समस्त पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को अत्यंत मुस्तैदी और सतर्कता से अपनी जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए। डॉ. मुरुगेशन ने इस बात पर विशेष बल दिया कि देवभूमि आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगमता पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने पुलिस बल को निर्देशित किया कि वे यात्रियों के साथ अत्यंत शालीन, विनम्र और सहयोगात्मक व्यवहार करें ताकि श्रद्धालुओं को एक सुरक्षित और सुखद वातावरण का अहसास हो । अपने निरीक्षण के दौरान एडीजी डॉ. वी. मुरुगेशन ने तुंगनाथ धाम के स्थानीय पुरोहितों, व्यापारियों और पैदल मार्ग पर आवागमन कर रहे देश-विदेश के श्रद्धालुओं से सीधा संवाद भी स्थापित किया । उन्होंने यात्रियों से व्यवस्थाओं का फीडबैक लिया और उन्हें प्रशासन की ओर से हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। साथ ही, स्थानीय सरोकारों को समझते हुए उनकी समस्याओं के त्वरित निस्तारण की बात कही । तुंगनाथ यात्रा के सफल, सुरक्षित व निर्बाध संचालन और दर्शन व्यवस्था को और अधिक प्रभावी व सुगम बनाने के दृष्टिगत उन्होंने मौके पर मौजूद प्रभारी निरीक्षक ऊखीमठ मनोज नेगी को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि स्थानीय प्रशासन, मंदिर समिति और हितधारकों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए। साथ ही मंदिर परिसर में भीड़ नियंत्रण के लिए सुव्यवस्थित कतार प्रणाली (क्यू मैनेजमेंट) को लागू करने तथा श्रद्धालुओं के लिए अन्य बुनियादी सुविधाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए, ताकि हर श्रद्धालु सुगमता से बाबा तुंगनाथ के दर्शन कर सके ।
तृतीय केदार तुंगनाथ धाम यात्रा व्यवस्थाओं को लेकर पुलिस मुस्तैद, अपर पुलिस महानिदेशक, अपराध एवं कानून व्यवस्था उत्तराखण्ड ने किया यात्रा व्यवस्थाओं का निरीक्षण ।
















Leave a Reply