रूद्रप्रयाग | केदारनाथ धाम की पवित्र यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सहायता के लिए सदैव तत्पर रहने वाली उत्तराखंड पुलिस ने एक बार फिर अपनी ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया है। आज दिनांक 28 मार्च 2026 को झारखंड के रहने वाले श्रद्धालु कृष्ण कुमार जब बाबा केदारनाथ के दर्शन कर वापस लौट रहे थे, तो घोड़ा पड़ाव के समीप उनका कीमती मोबाइल फोन कहीं गिर गया। फोन खोने से परेशान यात्री ने तत्काल पुलिस चौकी गौरीकुंड में तैनात 40 वाहिनी पीएसी के कांस्टेबल सतीश चंद्र को इस बात की सूचना दी । मामले की गंभीरता को देखते हुए कांस्टेबल सतीश चंद्र ने बिना समय गंवाए त्वरित कार्रवाई शुरू की। उन्होंने अत्यधिक भीड़भाड़ वाले घोड़ा पड़ाव क्षेत्र में सघन खोजबीन अभियान चलाया और अपनी सूझबूझ से कुछ ही समय में खोया हुआ मोबाइल फोन ढूंढ निकाला। कांस्टेबल सतीश चंद्र ने पूरी ईमानदारी के साथ श्रद्धालु कृष्ण कुमार को उनका मोबाइल फोन सुपुर्द किया। अपना फोन सुरक्षित वापस पाकर कृष्ण कुमार के चेहरे पर खुशी लौट आई और उन्होंने उत्तराखंड पुलिस की इस तत्परता और मानवीय व्यवहार की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए सहृदय धन्यवाद व्यक्त किया। यह पहला मौका नहीं है जब कांस्टेबल सतीश चंद्र ने यात्रियों की मदद की हो; इससे पूर्व भी वे कई मौकों पर केदारनाथ आने वाले श्रद्धालुओं की बढ़-चढ़कर सहायता कर अपनी उत्कृष्ट कर्तव्यनिष्ठा और सेवा भाव का परिचय दे चुके हैं। उत्तराखंड पुलिस का यह सराहनीय कार्य न केवल खाकी के प्रति जनता के विश्वास को मजबूत करता है, बल्कि देवभूमि आने वाले हर श्रद्धालु के मन में सुरक्षा और अपनत्व का भाव भी जगाता है ।
कर्तव्यपरायणता और ईमानदारी की मिसाल : गौरीकुंड में तैनात पीएसी जवान ने खोज निकाला झारखंड के श्रद्धालु का खोया मोबाइल, यात्रियों ने की उत्तराखंड पुलिस की भूरि-भूरि प्रशंसा ।
















Leave a Reply