महिला जवान की ईमानदारी ने बढ़ाया खाकी का मान, महाराष्ट्र की महिला श्रद्धालु का सोने के आभूषणों व नकदी से भरा पर्स सकुशल लौटाया |

रुद्रप्रयाग | रुद्रप्रयाग पुलिस ने एक बार फिर अपनी ‘मित्र पुलिस’ की छवि को चरितार्थ करते हुए ईमानदारी और सेवा भाव की अनूठी मिसाल पेश की है। महाराष्ट्र से श्री केदारनाथ यात्रा पर आयी महिला श्रद्धालु श्रीमती सोमवती देवी गौरीकुण्ड पवित्र कुंड में स्नान कर रही थी। स्नान के दौरान उनका पर्स अनजाने में वहीं कुंड के पास छूट गया, वहीं ड्यूटी पर तैनात आरक्षी लक्ष्मी की नजर इस लावारिस पर्स पर पड़ी। महिला आरक्षी लक्ष्मी द्वारा ईमानदारी का परिचय देते हुए तत्काल पर्स को सुरक्षित अपने कब्जे में लिया गया और अथक प्रयासों के बाद महिला श्रद्धालु श्रीमती सोमवती देवी से संपर्क स्थापित किया गया। श्रद्धालु से सम्पर्क करने पर उनके द्वारा बताया गया कि वे श्री केदारनाथ धाम पहुंच गयी हैं तथा अपने पर्स को खोने से बहुत परेशान थी। महिला आरक्षी लक्ष्मी ने उन्हें सूचित किया कि उनका बैग सुरक्षित है, जिसमें सोने के कान के कुंडल, आवश्यक दस्तावेज और नकदी जैसे अत्यंत कीमती सामान मौजूद थे। महिला आरक्षी ने श्रद्धालु को अपना मोबाइल नंबर देकर आश्वस्त किया और वापस आने पर गौरीकुण्ड से पर्स ले जाने हेतु अवगत कराया। आज सुबह सोमवती देवी वापस गौरीकुण्ड पहुंची तो महिला आरक्षी लक्ष्मी द्वारा उक्त पर्स सकुशल महिला श्रद्धालु के सुपुर्द किया गया । अपना खोया हुआ कीमती सामान सुरक्षित वापस पाकर सोमवती देवी अत्यंत प्रसन्न हुयी तथा उन्होंने महिला आरक्षी लक्ष्मी की इस ईमानदारी, तत्परता और सहयोगात्मक व्यवहार की सराहना की तथा आभार व्यक्त किया ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *