मुम्बई से आए मासूम को रुद्रप्रयाग पुलिस ने एक घंटे में ढूंढकर मां से मिलाया चेहरे पर लौटी मुस्कान ।

रुद्रप्रयाग | ​रुद्रप्रयाग पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता एक बार फिर केदारनाथ यात्रा मार्ग पर मददगार साबित हुई। गौरीकुण्ड में भीड़भाड़ के बीच अपनी माता से बिछड़े 8 वर्षीय मासूम बच्चे को यात्रा ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने महज एक घंटे के भीतर ढूंढ निकाला। पुलिस ने बच्चे को सुरक्षित उसकी मां के सुपुर्द किया, जिससे दोनों के चेहरों पर खुशी लौट आई । ​प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुंबई से श्री केदारनाथ धाम की यात्रा पर आई एक महिला का 8 वर्षीय पुत्र अगस्त्य गौरीकुण्ड के पास अचानक भीड़ में अपनी माता से बिछड़ गया था। काफी खोजबीन के बाद भी जब बच्चा नहीं मिला, तो बदहवास माता ने इसकी सूचना तत्काल गौरीकुण्ड पुलिस चौकी को दी । ​मामले की गम्भीरता को देखते हुए गौरीकुण्ड चौकी में यात्रा ड्यूटी पर तैनात मुख्य आरक्षी भक्त दर्शन और आरक्षी सतीश ने बिना समय गंवाए तुरन्त रेस्क्यू व खोजबीन अभियान शुरू किया। पुलिस टीम ने सूझबूझ का परिचय देते हुए यात्रा मार्ग, मुख्य पड़ावों और भीड़भाड़ वाले संवेदनशील स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया । ​पुलिसकर्मियों की कड़ी मेहनत और त्वरित कार्यवाही के चलते महज एक घंटे के भीतर ही बच्चे अगस्त्य को सुरक्षित ढूंढ निकाला गया। इसके बाद पुलिस चौकी में रोती-बिलखती मां को जब उसका बेटा सही-सलामत मिला, तो मां और बच्चे दोनों के चेहरे पर खुशी की लहर दौड़ गई। महिला ने उत्तराखंड पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई, संवेदनशीलता और मददगार रवैये के लिए रुद्रप्रयाग पुलिस का आभार व्यक्त किया गया ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *