डाक कांवड़ का प्रचंड रेला, लाखों शिवभक्तों के बीच मोर्चे पर खुद SSP सर्वेश पंवार सुरक्षा और व्यवस्थाओं की संभाली कमान ।

नीलकंठ | नीलकंठ श्रावण मास कांवड़ मेला अपने अंतिम चरण की ओर अग्रसर है। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर भगवान शिव के दर्शन एवं जलाभिषेक के लिए नीलकंठ महादेव मंदिर में शिवभक्तों का अभूतपूर्व जनसैलाब उमड़ पड़ा । डाक कांवड़ियों के तीव्र एवं निरंतर प्रवाह के बीच यात्रा मार्ग, मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी । इस बीच वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार स्वयं लगातार यात्रा व्यवस्थाओं की निगरानी करते हुए विभिन्न संवेदनशील स्थलों एवं यात्रा मार्गों का स्थलीय निरीक्षण कर रहे हैं। भीड़ प्रबंधन, यातायात संचालन, पार्किंग व्यवस्था, बैरिकेडिंग, आपदा एवं आपातकालीन व्यवस्थाओं सहित विभिन्न बिंदुओं का जायजा लिया तथा मौके पर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। महाशिवरात्रि के अवसर पर श्रद्धालुओं की संख्या में अप्रत्याशित वृद्धि के बावजूद जवानों की मुस्तैदी के बीच यात्रा पूरी तरह व्यवस्थित एवं सुरक्षित रूप से संचालित होती रही। लगातार कई दिनों से दिन-रात ड्यूटी पर तैनात पुलिस जवान कठिन परिस्थितियों, भीड़ के अत्यधिक दबाव एवं चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद सेवा, सुरक्षा एवं समर्पण की भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं । यात्रा अब समापन की ओर भी बढ़ रही है, लेकिन पौड़ी पुलिस की सजगता और चौकसी में कोई कमी नहीं आई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार ने स्पष्ट किया है कि जब तक अंतिम शिवभक्त सुरक्षित रूप से अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान नहीं कर लेता, तब तक पुलिस बल पूरी मुस्तैदी, प्रतिबद्धता एवं समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करता रहेगा ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *