साइबर अपराधों, मानव तस्करी और नशे के खतरों से बचाव की दी सीख, छात्राओं को बनाया जागरूक और सशक्त ।

पौड़ी | समाज को अपराधमुक्त, सुरक्षित एवं जागरूक बनाने की दिशा में जनपद पुलिस द्वारा लगातार चलाए जा रहे जन-जागरूकता अभियानों के क्रम में True Friends Charitable Trust, एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) एवं एंटी नारकोटिक्स टीम द्वारा संयुक्त रूप से आर्य कन्या इंटर कॉलेज, कोटद्वार में एक जन-जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्या, शिक्षिकाओं एवं बड़ी संख्या में छात्राओं ने प्रतिभाग कर महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं। गोष्ठी के दौरान पुलिस टीम द्वारा छात्राओं को मानव तस्करी, बाल श्रम, भिक्षावृत्ति, वेश्यावृत्ति, पॉक्सो अधिनियम, गुड टच-बैड टच, महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों तथा उनसे बचाव के उपायों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई । छात्राओं को बताया गया कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि, शोषण अथवा अपराध की जानकारी होने पर तत्काल अपने अभिभावकों, शिक्षकों अथवा पुलिस को सूचित करें । इसके अतिरिक्त छात्राओं को सोशल मीडिया के सकारात्मक एवं नकारात्मक प्रभावों से अवगत कराते हुए ऑनलाइन प्लेटफॉर्म का सुरक्षित एवं जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। नशे के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए युवाओं को नशामुक्त जीवन अपनाने तथा समाज में जागरूकता फैलाने का संदेश भी दिया गया । कार्यक्रम में साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों को देखते हुए डिजिटल अरेस्ट, फर्जी लिंक, APK फाइल, ऑनलाइन लॉटरी, KBC फ्रॉड, OLX धोखाधड़ी, रिश्तेदार अथवा परिचित बनकर की जाने वाली ठगी सहित विभिन्न साइबर अपराधों के तरीकों की जानकारी दी गई। साथ ही छात्राओं को बताया गया कि किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर घबराने के बजाय तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 अथवा राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *