नैनीताल | आगामी दीपावली पर्व के दृष्टिगत जनपद में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा बैंक, एटीएम एवं सर्राफा प्रतिष्ठानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशानुसा मिनी पुलिस लाइन हल्द्वानी के मीटिंग हॉल में एसपी हल्द्वानी हरबन्स सिंह
की अध्यक्षता में गोष्ठी आयोजित की गई । गोष्ठी के दौरान त्योहारी सीजन में बैंक, एटीएम एवं सर्राफा प्रतिष्ठानों की सुरक्षा को लेकर विस्तृत चर्चा की गई तथा निम्नलिखित महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए गए—
* *म्यूल बैंक खातों पर निगरानी:* बैंकों को संदिग्ध बैंक खातों एवं म्यूल अकाउंट पर सतर्क दृष्टि रखने तथा खाता खोलते समय खाताधारकों के पते एवं दस्तावेजों का उचित सत्यापन करने के निर्देश दिए गए।
* *संदिग्ध लेन-देन पर तत्काल कार्रवाई:* म्यूल अकाउंट के माध्यम से होने वाले संदिग्ध लेन-देन की पहचान के लिए अलर्ट सिस्टम विकसित करने तथा संदिग्ध धनराशि के हस्तांतरण को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा गया।
* *बड़ी धनराशि निकालने वालों को सुरक्षा संबंधी सुझाव:* बैंक से बड़ी धनराशि निकालने वाले ग्राहकों को अनजान व्यक्तियों से सतर्क रहने, किसी के बहकावे में न आने तथा पीछा किए जाने या संदिग्ध गतिविधि महसूस होने पर तत्काल डायल 112 अथवा नजदीकी पुलिस को सूचना देने हेतु जागरूक करने के निर्देश दिए गए।
* *सर्राफा व्यवसायियों को निर्देश:* आभूषण खरीदने वाले ग्राहकों को भी सुरक्षा संबंधी सावधानियों के प्रति जागरूक करने तथा संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर नजर रखने को कहा गया।
* *सीसीटीवी एवं सुरक्षा गार्ड:* सभी बैंक प्रबंधकों को अपने प्रतिष्ठानों में सुरक्षा गार्ड की तैनाती सुनिश्चित करने, सीसीटीवी कैमरों को क्रियाशील रखने तथा बैंक के बाहरी परिसर में भी सीसीटीवी कैमरे स्थापित कराने के निर्देश दिए गए।
* *सुरक्षा गार्डों का सत्यापन:* प्रत्येक बैंक में नियुक्त सुरक्षा गार्डों का अनिवार्य रूप से पुलिस सत्यापन कराने के निर्देश दिए गए।
* *एटीएम की सुरक्षा:* एटीएम के बाहर अनिवार्य रूप से सीसीटीवी कैमरे स्थापित कराने एवं उनकी नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया।
* *वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा:* बैंक में लेन-देन हेतु आने वाले वरिष्ठ नागरिकों को बैंक कर्मियों द्वारा आवश्यक सुरक्षा संबंधी जानकारी एवं सावधानियों से अवगत कराने के निर्देश दिए गए।
*संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर:* बैंक परिसरों में आने वाले संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी एवं आवश्यक चेकिंग करने तथा अनावश्यक भीड़ एकत्रित न होने देने के निर्देश दिए गए ।
नियमित पुलिस गश्त:* समस्त थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र के बैंकों एवं सर्राफा बाजारों में नियमित गश्त करने के निर्देश दिए गए । बाजारों में सत्यापन एवं निगरानी:* प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी को पटेल चौक एवं सदर बाजार सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर नियमित पुलिस गश्त करने तथा फड़-ठेली लगाने वालों का समय-समय पर सत्यापन कराने के निर्देश दिए गए ।
जनपदव्यापी सुरक्षा बैठकें एसएसपी नैनीताल डॉ मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशानुसार जनपद के समस्त संबंधित क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को भी अपने-अपने थाना क्षेत्रों में बैंक प्रबंधकों एवं सर्राफा व्यवसायियों के साथ बैठकें आयोजित कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने तथा आवश्यक दिशा-निर्देश देने हेतु निर्देशित किया गया ताकि दीपावली पर्व के दौरान पूरे जनपद में सुरक्षा व्यवस्था प्रभावी एवं चाक-चौबंद रखी जा सके । गोष्ठी में विजय मेहता प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी जसवीर सिंह चौहान प्रभारी निरीक्षक कोतवाली काठगोदाम दिनेश फर्त्याल प्रभारी निरीक्षक कोतवाली बनभूलपुरा सुशील जोशी प्रभारी निरीक्षक कोतवाली मुखानी सहित विभिन्न बैंकों के प्रबंधक एवं सर्राफा व्यवसायी मौजूद रहे ।
*नैनीताल पुलिस की अपील*
दीपावली पर्व को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से मनाने में पुलिस का सहयोग करें। बैंक अथवा एटीएम से बड़ी धनराशि निकालते समय विशेष सतर्कता बरतें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल डायल 112 पर दें ।














Leave a Reply