पिथौरागढ़ | जिलाधिकारी विनोद गिरी गोस्वामी एवं पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने आज कोतवाली पिथौरागढ़ में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। बैठक में सदस्य, व्यापार मण्डल के पदाधिकारी, टैक्सी यूनियन के प्रतिनिधि, और विभिन्न समुदायों के सम्मानित व्यक्तियों ने भाग लिया । बैठक में जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने आगामी होली और रमजान के त्यौहारों के दौरान शांति, सद्भावना और कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु सभी से सहयोग की अपील की। दोनों अधिकारियों ने यह स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की हुड़दंग, शराब पीकर वाहन चलाना, या अन्य अव्यवस्थाएं उत्पन्न करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी । इसके अतिरिक्त, पुलिस बल को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में तैनात किया जाएगा, और जगह-जगह नाकाबंदी एवं सघन चेकिंग अभियान चलाए जाएंगे। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि यदि किसी व्यक्ति को शराब पीकर हुड़दंग करते हुए देखा जाए, तो तुरंत पुलिस को सूचित किया जाए । बैठक में व्यापारियों से भी अनुरोध किया गया कि वे अपने दुकानों और प्रतिष्ठानों के सीसीटीवी कैमरो को सुचारू रखें, ताकि किसी भी तरह की चोरी, छीनाझपटी या अन्य अपराध पर अंकुश लगाया जा सके । पुलिस उपाधीक्षक गोविन्द बल्लभ जोशी, एसएचओ कोतवाली ललित मोहन, और निरीक्षक अभिसूचना रोहित जोशी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी इस बैठक में उपस्थित थे |
पिथौरागढ़ में होली और रमजान के मौके पर शांति व्यवस्था पर जोर, डीएम व एसपी की बैठक |
















Leave a Reply