चमोली | फायर स्टेशन गोपेश्वर की टीम द्वारा *राजकीय इंटर कॉलेज माणा घिंघराण* एवं *राजकीय इंटर कॉलेज बैरागना मण्डल* में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए प्राथमिक अग्निशमन उपकरणों की उपयोगिता और उनके सही प्रयोग की जानकारी दी गई। टीम द्वारा फायर एक्सटिंग्विशर सहित अन्य अग्निशमन उपकरणों के संचालन की विधि का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया । कार्यक्रम में एलपीजी गैस सिलेंडर में लीकेज होने की स्थिति में बरती जाने वाली सावधानियों, गैस रिसाव से होने वाली दुर्घटनाओं की रोकथाम तथा ऐसी आपात परिस्थितियों में सुरक्षित तरीके से बचाव करने के उपायों की जानकारी दी गई। साथ ही वनाग्नि की घटनाओं के कारणों, उनसे होने वाले नुकसान एवं वनाग्नि की रोकथाम में आमजन की भूमिका के बारे में भी विस्तार से समझाया गया । चमोली जनपद की भौगोलिक परिस्थितियों एवं आपदा संवेदनशीलता को देखते हुए टीम द्वारा बताया गया कि जनपद के कई गांव सड़क मार्ग से दूर स्थित हैं, जहां अग्निशमन वाहनों को घटनास्थल तक पहुंचने में समय लग सकता है। ऐसे में आग लगने की स्थिति में शुरुआती समय बेहद महत्वपूर्ण होता है। आग की घटनाओं में सुरक्षित तरीके से उपलब्ध संसाधनों का उपयोग करने, आग को फैलने से रोकने के उपायों तथा समय रहते अग्निशमन विभाग को सूचना देने के प्रति जागरूक किया गया । इसके अतिरिक्त किसी भी अग्नि दुर्घटना अथवा आपात स्थिति में घबराने के बजाय सतर्कता बरतने, सुरक्षित स्थान पर जाने तथा तत्काल आपातकालीन सेवा नंबर 112 पर सूचना देने के संबंध में भी जानकारी दी गई । फायर सर्विस चमोली द्वारा आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि जागरूकता और सतर्कता के माध्यम से आग की घटनाओं से होने वाले जान-माल के नुकसान को कम किया जा सके।
*फायर सर्विस टीम-* लीडिंग फायरमैन मदन सिंह, फायरमैन मनीष पंत, फायरमैन संतोष कंडेरी, फायरमैन भरत कुमार।
















Leave a Reply