जाम और यातायात की दिक्कतों पर लगेगा लगाम, जनता दरबार में एसएसपी के सख्त निर्देश सुरक्षा और संवाद का नया संकल्प, जनता की अपेक्षाओं पर खरी उतरेगी ऊधम सिंह नगर पुलिस ।

ऊधमसिंहनगर | वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति के निर्देशानुसार पुलिस और जनता के बीच संवाद को मजबूत करने तथा जन-शिकायतों के मौके पर ही निस्तारण के लिए आज थाना दिनेशपुर परिसर में जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, व्यापार मंडल के पदाधिकारियों और गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया। जनता दरबार के दौरान मौजूद गणमान्य लोगों और स्थानीय निवासियों ने एसएसपी के समक्ष क्षेत्र की विभिन्न मूलभूत और पुलिसिंग से जुड़ी समस्याएं प्रमुखता से रखीं। ग्रामीणों और व्यापारियों ने क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने, मुख्य बाजारों में लगने वाले जाम से मुक्ति दिलाने, अवैध नशामुक्त अभियान को तेज करने और रात्रि गश्त (पेट्रोलिंग) बढ़ाने जैसी महत्वपूर्ण अपेक्षाएं पुलिस प्रशासन के सामने रखीं । जनता की समस्याओं को बेहद गंभीरता और संवेदनशीलता से सुनते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने मौके पर मौजूद थाना प्रभारी और अन्य पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि जनता द्वारा उठाई गई यातायात और जाम की समस्या का तुरंत प्लान बनाकर समाधान किया जाए । पुलिस और पब्लिक का आपसी तालमेल ही अपराध मुक्त समाज की नींव है। पुलिस आम जनता से मित्रवत व्यवहार करे ताकि पीड़ित बिना किसी डर के अपनी बात कह सके । इसके अतिरिक्त क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि या नशे के कारोबार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पूर्व में जो विभिन्न मामलों में जेल जा चुके हैं तथा संदिग्धों पर कड़ी नजर रखी जाए । एसएसपी महोदय ने स्थानीय जनता को आश्वस्त किया कि पुलिस उनकी सुरक्षा और शांतिपूर्ण माहौल के लिए पूरी तरह कटिबद्ध है और जनता द्वारा दिए गए सुझावों पर त्वरित अमल किया जाएगा। जनता दरबार में उपस्थित सभी गणमान्य लोगों ने पुलिस विभाग की इस अनूठी पहल की सराहना की और पुलिस प्रशासन को अपनी ओर से हर संभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *