ए.एच.टी.यू. टीम ने स्कूल ड्रॉपआउट बालिका का स्कूल में कराया दाखिला – शिक्षा के महत्व पर छात्र-छात्राओं को किया जागरूक |

पिथौरागढ़ | पुलिस अधीक्षक पिथौरागढ़ रेखा यादव के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी गोविन्द बल्लभ जोशी तथा सीओ के.एस. रावत के पर्यवेक्षण में जनपद पिथौरागढ़ की ए.एच.टी.यू. (एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट) टीम द्वारा लगातार ऐसे बच्चों का चिन्हीकरण व सत्यापन किया जा रहा है जो आर्थिक, सामाजिक या पारिवारिक कारणों से स्कूल छोड़ चुके हैं । इस क्रम में टीम ने एक नेपाल निवासी बालिका की पहचान की, जो आर्थिक कमजोरी एवं अज्ञानता के कारण विद्यालय से ड्रॉपआउट हो चुकी थी। एएचटीयू टीम के प्रभारी उ0नि0 बी.सी. मासीवाल, का0 महेन्द्र सिंह महर, एवं का0 सौरभ मेर ने परिजनों को शिक्षा के महत्व से अवगत कराया और बालिका को पुनः विद्यालय भेजने हेतु प्रोत्साहित किया ।  एएचटीयू टीम एवं राजकीय कन्या पूर्व माध्यमिक विद्यालय मण्डप के शिक्षकों के संयुक्त प्रयास से उक्त बालिका का विद्यालय में पुनः दाखिला कराया गया। साथ ही बालिका को स्टेशनरी, स्कूल बैग एवं स्कूल ड्रेस भी उपलब्ध कराई गई ।  कार्यक्रम के दौरान टीम द्वारा विद्यालय के छात्र-छात्राओं को मानव तस्करी, बाल विवाह की रोकथाम एवं शिक्षा के महत्व पर विस्तृत जानकारी दी गई तथा उन्हें शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित किया गया।
पिथौरागढ़ पुलिस शिक्षा, सुरक्षा एवं समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *