पिथौरागढ़ | थाना जाजरदेवल क्षेत्र में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने मात्र 24 घण्टे के भीतर अनावरण कर एक अभियुक्त को गिरफ्तार करते हुए चोरी गया सामान बरामद किया है । पुष्कर सिंह निवासी सैनी द्वारा थाना जाजरदेवल में लिखित तहरीर दी गई कि रात्रि 28 जुलाई को उनके घर के स्टोर रूम का ताला तोड़कर अज्ञात व्यक्ति द्वारा दो कटर मशीन, ड्रिल मशीन एवं रोटरी हैमर मशीन चोरी कर ली गई है । तहरीर के आधार पर धारा 305/331(4) बीएनएस के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत किया गया । पुलिस अधीक्षक पिथौरागढ़ रेखा यादव (IPS) के निर्देश पर एवं सीओ गोविन्द बल्लभ जोशी के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष जाजरदेवल मनोज पाण्डेय के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई । पुलिस टीम द्वारा आसपास के क्षेत्रों में गहन सुरागरसी एवं सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण करते हुए सतत प्रयास किए गए । परिणामस्वरूप दिनांक 30 जुलाई को अभियुक्त गोकुल कुमार पुत्र धन बहादुर निवासी ग्राम कुंवाकोट, जिला बैतड़ी (नेपाल), हाल निवासी पण्डा, थाना जाजरदेवल को पण्डा बाईपास से सिनेमाहाल वाली रोड पर गिरफ्तार किया गया। वह चोरी के सामान को साइकिल में बांधकर भागने की फिराक में था ।

चोरी में प्रयुक्त साइकिल भी चोरी की होना पाई गई।
अभियुक्त से समस्त चोरी गया सामान बरामद कर लिया गया है।
विवेचना में प्रगति के अनुसार अभियोग में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोत्तरी की गई है।
पिथौरागढ़ पुलिस आम जनमानस की सुरक्षा हेतु कृतसंकल्पित है तथा आपराधिक तत्वों पर सतत निगरानी रख रही है |















Leave a Reply