पिथौरागढ़ | खड़कोट निवासी दो बालिकाएं प्रियंका पोखरिया एवं उनकी बहन दिया पोखरिया द्वारा कोतवाली पिथौरागढ़ पहुंचकर एक तोला सोने का मंगलसूत्र पुलिस को सौंपा गया। उन्होंने बताया कि यह मंगलसूत्र उन्हें सुनारगली चौराहे पर पड़ा हुआ मिला था । इस नेक कार्य की जानकारी मिलने पर कोतवाली में तैनात उपनिरीक्षक बबीता टम्टा द्वारा तत्काल तत्परता दिखाते हुए उक्त मंगलसूत्र के वास्तविक स्वामी की खोजबीन प्रारंभ की गई। जांच के उपरांत यह मंगलसूत्र ललिता बिष्ट, निवासी दूंगा गांव, पिथौरागढ़ का होना ज्ञात हुआ । उपनिरीक्षक द्वारा उक्त महिला से संपर्क कर विधिवत सत्यापन के पश्चात मंगलसूत्र उन्हें सुपुर्द किया गया । मंगलसूत्र प्राप्त कर भावविभोर हुई ललिता बिष्ट एवं उनके पति ने पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया और दोनों बालिकाओं की ईमानदारी की भूरी-भूरी प्रशंसा की । पिथौरागढ़ पुलिस प्रियंका और दिया की इस ईमानदारी एवं संवेदनशीलता पूर्ण व्यवहार की सराहना करती है । इन दोनों बालिकाओं ने समाज को यह सशक्त संदेश दिया है कि सच्चाई और नैतिकता आज भी जीवंत हैं ।
शाबाश प्रियंका और दिया!
तुम जैसी ईमानदार बेटियां पिथौरागढ़ की असली पहचान हैं।















Leave a Reply