साइबर सुरक्षा की मजबूत नींव: उत्तरकाशी पुलिस ने केन्द्रीय विद्यालय के शिक्षकों को दिया साइबर हाइजीन प्रशिक्षण |

उत्तरकाशी | साइबर जागरूकता एवं डिजिटल सुरक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में उत्तरकाशी पुलिस द्वारा समाज में जागरूकता एवं जनसहभागिता बढ़ाने के लिए लगातार अभियान संचालित किए जा रहे हैं । केन्द्रीय विद्यालय उत्तरकाशी में विद्यालय प्रबन्धन की ओर से आयोजित साइबर हाइजीन कार्यक्रम” मे सहभागिता करते हुये साइबर सेल एवं कोतवाली उत्तरकाशी की संयुक्त टीम द्वारा विद्यालय के समस्त शिक्षकों को साइबर अपराधों से बचाव, सुरक्षित डिजिटल व्यवहार तथा ऑनलाइन सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत प्रशिक्षण एवं जागरूकता प्रदान की गई । कार्यक्रम में साइबर टीम ने बताया कि वर्तमान डिजिटल युग में थोड़ी-सी सतर्कता और सही साइबर आदतें अपनाकर आर्थिक धोखाधड़ी, पहचान की चोरी (Identity Theft), डेटा चोरी तथा अन्य साइबर अपराधों से प्रभावी रूप से बचा जा सकता है। शिक्षकों को साइबर सुरक्षा के मूलभूत सिद्धांतों से अवगत कराते हुए सुरक्षित ऑनलाइन व्यवहार अपनाने के लिए व्यावहारिक सुझाव दिए गए। कार्यक्रम में साइबर की टीम द्वारा शिक्षकों के जिज्ञासु प्रश्नों का समाधान भी बताया गया । साइबर सुरक्षा उपायों मजबूत एवं जटिल पासवर्ड का उपयोग, जिसमें बड़े एवं छोटे अक्षर, अंक तथा विशेष चिन्ह शामिल हों, सभी महत्वपूर्ण ऑनलाइन खातों पर दो-कारक प्रमाणीकरण (2FA) अनिवार्य रूप से सक्रिय रखने, मोबाइल फोन, कंप्यूटर, एप्लिकेशन एवं ऑपरेटिंग सिस्टम को नियमित रूप से अपडेट रखने, किसी भी अज्ञात लिंक, संदिग्ध ई-मेल, संदेश अथवा अटैचमेंट पर बिना सत्यापन क्लिक न करने, आवश्यक दस्तावेजों एवं महत्वपूर्ण डिजिटल फाइलों का नियमित रूप से सुरक्षित स्थान अथवा क्लाउड स्टोरेज पर बैकअप रखने आदि पर विशेष बल दिया गया । कार्यक्रम के अंत में पुलिस टीम ने शिक्षकों से अपील की कि वे स्वयं साइबर सुरक्षा के उपायों का पालन करने के साथ-साथ विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं आस-पास के समाज को भी सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के प्रति जागरूक करें, ताकि सामूहिक सहभागिता से साइबर अपराधों की रोकथाम को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके । साइबर सुरक्षा केवल तकनीक नहीं, बल्कि सजग नागरिक की जिम्मेदारी है ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *