ऊधमसिंहनगर | वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति के निर्देशानुसार तथा पुलिस अधीक्षक यातायात/ अपराध ऊधमसिंहनगर जितेंद्र चौधरी के कुशल निर्देशन में शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू, सुरक्षित एवं जाम मुक्त बनाए रखने के उद्देश्य से यातायात पुलिस रुद्रपुर द्वारा विशेष सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान विभिन्न प्रमुख चौराहों, बाजार क्षेत्रों एवं राष्ट्रीय राजमार्ग पर नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की गई।
*नो-एंट्री जोन में घुसने वाले ई-रिक्शाओं पर सख्त कार्रवाई*
➡️ चेकिंग के दौरान रुद्रपुर-नैनीताल राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित नो-एंट्री जोन में प्रतिबंधित क्षेत्र में अवैध रूप से प्रवेश करने वाले 05 ई-रिक्शा चालकों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए उनके वाहन सीज किए गए। पुलिस द्वारा स्पष्ट किया गया कि नो-एंट्री नियमों का उल्लंघन सड़क दुर्घटनाओं एवं यातायात अव्यवस्था का प्रमुख कारण बनता है, जिसे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
*ड्रिंक एंड ड्राइव करने वाले चालक पर कार्रवाई*
➡️ अभियान के दौरान एल्कोमीटर के माध्यम से वाहन चालकों की जांच भी की गई। जांच के दौरान एक चालक शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पाया गया। उक्त चालक को गिरफ्तार कर उसका वाहन सीज करते हुए कोतवाली रुद्रपुर में दाखिल कराया गया तथा उसके विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की गई।
*अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी चला अभियान*
➡️ चेकिंग के दौरान गलत दिशा (Wrong Side) में वाहन चलाने, नो-पार्किंग में वाहन खड़ा करने, ओवर स्पीडिंग करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग करने, बिना हेलमेट वाहन चलाने तथा ट्रिपल राइडिंग करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध भी मोटर वाहन अधिनियम के तहत प्रभावी चालानी कार्रवाई की गई।
*अभियान के दौरान कुल 114 वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार चालान की कार्रवाई की गई।*
*संदेश*
➡️पुलिस अधीक्षक अपराध/यातायात ऊधमसिंहनगर जितेन्द्र चौधरी ने कहा कि यातायात पुलिस का उद्देश्य केवल चालान करना नहीं, बल्कि आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। सड़क पर छोटी सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। सभी वाहन चालक यातायात नियमों का पालन करें, शराब पीकर वाहन न चलाएं, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें तथा जिम्मेदार नागरिक होने का परिचय दें। आपकी सुरक्षा ही हमारी प्राथमिकता है।















Leave a Reply