ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार का नशा, लापरवाही अथवा अनुशासनहीनता स्वीकार नहीं की जाएगी ,कार्यवाही बर्खास्तगी तक की होगी — SSP अजय गणपति

ऊधमसिंहनगर | जनपद ऊधमसिंहनगर में पुलिस बल की कार्यकुशलता, अनुशासन, शारीरिक दक्षता एवं पेशेवर कार्यशैली को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति द्वारा शुक्रवार को पुलिस लाइन रुद्रपुर में आयोजित साप्ताहिक परेड का निरीक्षण किया गया । परेड के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की शारीरिक फिटनेस, टर्नआउट, अनुशासन एवं कार्यप्रणाली का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस बल की कार्यक्षमता अनुशासन एवं जनविश्वास बनाए रखने के लिए प्रत्येक पुलिसकर्मी का अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूर्ण ईमानदारी, निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ करना आवश्यक है । एसएसपी अजय गणपति ने पुलिसकर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि ड्यूटी के दौरान अथवा सार्वजनिक स्थानों पर शराब या किसी भी प्रकार के नशे का सेवन किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है । उन्होंने कहा कि यदि कोई पुलिसकर्मी नशे की अवस्था में ड्यूटी करते हुए पाया जाता है तो उसके विरुद्ध कठोर विभागीय कार्यवाही की जाएगी तथा आवश्यकता पड़ने पर बर्खास्तगी तक की कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी । उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग में अनुशासन सर्वोपरि है तथा प्रत्येक पुलिसकर्मी को वर्दी की गरिमा एवं विभाग की प्रतिष्ठा के अनुरूप आचरण करना चाहिए ।

*अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के निर्देश*

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपराधियों, माफियाओं एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध प्रभावी एवं परिणामोन्मुख कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनपद में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने तथा आमजन में सुरक्षा की भावना को मजबूत करने के लिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी सतर्कता एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें । साथ ही उन्होंने बाहरी ड्यूटियों पर तैनात पुलिसकर्मियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी एवं अनुशासन के साथ करने के निर्देश दिए ।

*शारीरिक फिटनेस पर विशेष बल*

साप्ताहिक परेड के दौरान पुलिसकर्मियों की शारीरिक फिटनेस का भी परीक्षण किया गया। एसएसपी महोदय ने कहा कि एक शारीरिक एवं मानसिक रूप से फिट पुलिसकर्मी ही चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में प्रभावी ढंग से अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर सकता है। उन्होंने सभी कार्मिकों को नियमित व्यायाम, परेड एवं प्रशिक्षण को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने के निर्देश दिए | अनुशासित, फिट एवं कर्तव्यनिष्ठ पुलिस बल ही जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतर सकता है और कानून व्यवस्था को प्रभावी ढंग से बनाए रख सकता है ।

*SSP अजय गणपति का संदेश*

पुलिस विभाग में अनुशासन, ईमानदारी एवं कर्तव्यनिष्ठा सर्वोपरि है। प्रत्येक पुलिसकर्मी को अपनी वर्दी की गरिमा के अनुरूप आचरण करते हुए जनता की सुरक्षा एवं सेवा को प्राथमिकता देनी चाहिए। ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार का नशा, लापरवाही अथवा अनुशासनहीनता स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी एवं समर्पण के साथ करें तथा अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *