टिहरी | पुलिस कार्मिकों की समस्याओं के समाधान एवं उनके कल्याण को प्राथमिकता देते हुए आज पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र राजीव स्वरूप द्वारा पुलिस लाइन चंबा स्थित सम्मेलन कक्ष में जनपद टिहरी गढ़वाल के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों का सम्मेलन लिया गया । सम्मेलन के दौरान पुलिस महानिरीक्षक महोदय द्वारा पुलिस कार्मिकों से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी व्यक्तिगत एवं विभागीय समस्याओं को सुना गया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुलिसकर्मियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के संबंध में निम्नलिखित महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए ।
*_1.आकस्मिक एवं उपार्जित अवकाश समय पर स्वीकृत करने के निर्देश_*
सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि पुलिस कार्मिकों द्वारा प्रस्तुत आकस्मिक अवकाश एवं उपार्जित अवकाश के प्रार्थना पत्रों पर नियमानुसार समय से कार्यवाही करते हुए अवकाश स्वीकृत किए जाएं, ताकि कार्मिकों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
*_2.सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों की पत्रावलियां समय से तैयार करने के निर्देश_*
प्रधान लिपिक को निर्देशित किया गया कि आगामी समय में सेवानिवृत्त होने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सेवा संबंधी पत्रावलियां एवं आवश्यक अभिलेख समय रहते पूर्ण कर लिए जाएं, ताकि सेवानिवृत्ति के समय किसी भी कर्मचारी को अपने देयकों एवं अन्य औपचारिकताओं के निस्तारण में अनावश्यक विलंब न हो।
*_3.लंबित चिकित्सा प्रतिपूर्ति बिलों का शीघ्र भुगतान_*
पुलिस कार्मिकों के लंबे समय से लंबित चिकित्सा प्रतिपूर्ति (Medical Reimbursement) से संबंधित मेडिकल बिलों के शीघ्र भुगतान हेतु संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। साथ ही निर्देशित किया गया कि यदि चिकित्सा प्रतिपूर्ति बिलों के भुगतान में किसी प्रकार की विभागीय अथवा प्रशासनिक समस्या आ रही है तो उसके समाधान हेतु पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र कार्यालय से पत्राचार किया जाए, ताकि लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण कराया जा सके।
*_4.टीए-डीए बिलों का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश_*
अकाउंटेंट को निर्देशित किया गया कि पुलिस कार्मिकों के यात्रा भत्ता एवं दैनिक भत्ता (TA/DA) से संबंधित लंबित बिलों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्यवाही करते हुए उनका शीघ्र भुगतान सुनिश्चित किया जाए, ताकि कर्मचारियों को अपने देयकों के भुगतान के लिए अनावश्यक प्रतीक्षा न करनी पड़े । सम्मेलन के दौरान पुलिस महानिरीक्षक महोदय द्वारा पुलिस कार्मिकों से अन्य समस्याओं एवं सुझावों के संबंध में भी जानकारी ली गई। इस दौरान उपस्थित किसी भी अधिकारी अथवा कर्मचारी द्वारा कोई अन्य समस्या प्रस्तुत नहीं की गई ।
*_एसएसपी टिहरी ने जनपद की समस्याओं एवं आवश्यकताओं से कराया अवगत_*
सम्मेलन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे द्वारा भी पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र राजीव स्वरूप को जनपद की पुलिस व्यवस्था, पुलिस कार्मिकों से संबंधित समस्याओं, विभागीय आवश्यकताओं एवं विभिन्न लंबित प्रकरणों के संबंध में विस्तारपूर्वक अवगत कराया गया । एसएसपी टिहरी द्वारा प्रस्तुत किए गए विषयों पर पुलिस महानिरीक्षक ने गंभीरतापूर्वक विचार-विमर्श करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा । पुलिस महानिरीक्षक राजीव स्वरूप ने कहा कि पुलिस कार्मिक पुलिस विभाग की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनके कल्याण, सुविधाओं एवं समस्याओं का समय पर समाधान होना आवश्यक है। कार्मिकों को बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनकी विभागीय एवं व्यक्तिगत समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता बरतते हुए समयबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित की जाए । टिहरी पुलिस द्वारा पुलिस कार्मिकों के कल्याण, उनकी समस्याओं के समाधान तथा विभागीय कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह एवं प्रभावी बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं ।















Leave a Reply