राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर टिहरी पुलिस की पहल, चौकी भद्रकाली एवं कोतवाली कैम्पटी में आयोजित किए गए स्वैच्छिक रक्तदान एवं स्वास्थ्य शिविर |

टिहरी | राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे के निर्देशन में जनपद टिहरी पुलिस द्वारा सामाजिक सरोकारों एवं पुलिस कार्मिकों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से चौकी भद्रकाली, थाना मुनिकीरेती एवं कोतवाली कैम्पटी में स्वैच्छिक रक्तदान एवं स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया गया । चौकी भद्रकाली, थाना मुनिकीरेती में आयोजित शिविर में थाना मुनिकीरेती, यातायात पुलिस, जल पुलिस, होमगार्ड, एसडीआरएफ एवं विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं के सदस्यों द्वारा प्रतिभाग किया गया। इस दौरान पुलिसकर्मियों एवं अन्य प्रतिभागियों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर जरूरतमंदों की सहायता के लिए सामाजिक जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया । वहीं कोतवाली कैम्पटी में भी रक्तदान एवं स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें पुलिसकर्मियों एवं अन्य प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की । शिविरों में चिकित्सकीय टीम द्वारा पुलिसकर्मियों का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया। इस दौरान ब्लड प्रेशर सहित आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी जांच कर उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नियमित व्यायाम करने, संतुलित खानपान रखने तथा अपनी दैनिक दिनचर्या में आवश्यक सुधार करने के संबंध में चिकित्सकीय परामर्श दिया गया । टिहरी पुलिस द्वारा आयोजित इन शिविरों का उद्देश्य पुलिस कार्मिकों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ रक्तदान जैसे पुनीत कार्य के माध्यम से समाज में मानवता, सहयोग एवं सेवा भावना को प्रोत्साहित करना रहा । टिहरी पुलिस आमजन की सुरक्षा के साथ-साथ सामाजिक दायित्वों के निर्वहन एवं पुलिस कार्मिकों के स्वास्थ्य और कल्याण के लिए भी निरंतर प्रयासरत है ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *