उत्कृष्ट एवं समर्पित पुलिस सेवा को सलाम, टिहरी पुलिस परिवार ने अपर उपनिरीक्षक (ना० पुलिस) श्री अजय भास्कर नैनवाल को दी सम्मानपूर्ण एवं भावभीनी विदाई |

टिहरी | वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे के नेतृत्व में आज पुलिस कार्यालय में ऐच्छिक सेवानिवृत्ति ग्रहण कर रहे अपर उपनिरीक्षक (ना० पुलिस) अजय भास्कर नैनवाल के सम्मान में गरिमामय विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर टिहरी पुलिस परिवार ने उनकी 24 वर्ष 09 माह की गौरवपूर्ण, अनुशासित एवं समर्पित पुलिस सेवा को नमन करते हुए सम्मानपूर्वक भावभीनी विदाई दी तथा उनके सुखद, स्वस्थ एवं समृद्ध भविष्य की कामना की । अजय भास्कर नैनवाल 10 अक्टूबर 2001 को उत्तराखंड पुलिस में आरक्षी के पद पर भर्ती हुए थे। अपनी मेहनत, कर्तव्यनिष्ठा एवं उत्कृष्ट कार्यशैली के बल पर वे 23 नवम्बर 2012 को हेड कांस्टेबल (ना० पुलिस) के पद पर पदोन्नत हुए। अपने सेवाकाल में उन्होंने जनपद देहरादून सहित विभिन्न इकाइयों में दक्षता एवं निष्ठा के साथ सेवाएं प्रदान कीं। 30 अप्रैल 2015 से जनपद टिहरी गढ़वाल में विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन करते हुए 02 नवम्बर 2021 से वर्तमान तैनाती तक अपनी जिम्मेदारियों का उत्कृष्ट निर्वहन किया । स्वयं के अनुरोध एवं पारिवारिक कारणों के दृष्टिगत नैनवाल ने पुलिस विभाग से ऐच्छिक सेवानिवृत्ति ग्रहण की। इस अवसर पर जनपद टिहरी गढ़वाल पुलिस परिवार ने विभाग के प्रति उनकी दीर्घकालीन, ईमानदार एवं उल्लेखनीय सेवाओं के लिए हार्दिक आभार व्यक्त किया । समारोह को संबोधित करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने कहा कि अजय भास्कर नैनवाल ने अपने पूरे सेवाकाल में ईमानदारी, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा एवं समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया। उनका कार्य एवं व्यवहार विभाग के लिए सदैव प्रेरणादायी रहेगा। उन्होंने श्री नैनवाल एवं उनके परिवार के उत्तम स्वास्थ्य, सुखद, शांतिपूर्ण एवं समृद्ध जीवन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सेवानिवृत्ति के पश्चात भी वे टिहरी पुलिस परिवार के अभिन्न सदस्य रहेंगे तथा भविष्य में किसी भी आवश्यकता अथवा सहयोग के लिए पुलिस परिवार सदैव उनके साथ खड़ा रहेगा।

इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे अपर पुलिस अधीक्षक दीपक सिंह एवं क्षेत्राधिकारी टिहरी चन्द्रमोहन सिंह ने अजय भास्कर नैनवाल को पुलिस स्मृति चिन्ह, प्रशस्ति-पत्र एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया । समारोह में उपस्थित समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी नैनवाल के उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य एवं सुखद पारिवारिक जीवन की मंगलकामनाओं के साथ उन्हें भावभीनी विदाई दी । इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक दीपक सिंह क्षेत्राधिकारी टिहरी चन्द्रमोहन सिंह, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन चंबा अमित कुमार, वाचक वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक निरीक्षक प्रविन्द्र सिंह रावत जनसम्पर्क अधिकारी निरीक्षक प्रवीन बर्त्वाल निरीक्षक ठाकुर सिंह रावत सहित पुलिस कार्यालय की विभिन्न शाखाओं के प्रभारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *