एसएसपी श्वेता चौबे के निर्देशन में टिहरी पुलिस बनी उम्मीद की किरण 48 दिनों से हरियाणा से लापता व्यक्ति को सकुशल परिजनों से मिलाया |

टिहरी | वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे के निर्देशन में टिहरी पुलिस कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ मानवीय मूल्यों एवं सामाजिक उत्तरदायित्वों का भी पूरी संवेदनशीलता से निर्वहन कर रही है । इसी क्रम में कोतवाली देवप्रयाग पुलिस ने सराहनीय कार्य करते हुए लगभग 48 दिनों से हरियाणा से लापता एक व्यक्ति को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द किया । कोतवाली देवप्रयाग के सामने एक व्यक्ति संदिग्ध एवं असहाय अवस्था में घूमता हुआ दिखाई दिया। ड्यूटी पर तैनात हेड कांस्टेबल विपेन्द्र रावत की नजर उस पर पड़ी। उन्होंने तत्काल मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए उसे सुरक्षित कोतवाली लाया, उसकी आवश्यक देखभाल कराई, स्नान एवं भोजन की व्यवस्था की तथा मानसिक रूप से सहज होने के बाद आत्मीयता से बातचीत कर उसकी पहचान का प्रयास किया । सीमित जानकारी एवं ऑनलाइन माध्यमों से गहन खोजबीन करने पर ज्ञात हुआ कि उक्त व्यक्ति धर्मवीर, निवासी ग्राम बरसत, थाना घरौंदा, जनपद करनाल (हरियाणा) है, जिसकी 13 जून 2026 से गुमशुदगी थाना घरौंदा, जनपद करनाल (हरियाणा) में दर्ज थी । पहचान की पुष्टि होते ही हेड कांस्टेबल विपेन्द्र रावत ने तत्काल थाना घरौंदा पुलिस एवं धर्मवीर के परिजनों से संपर्क स्थापित कर उन्हें पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। सूचना मिलते ही धर्मवीर के पुत्र राहुल कोतवाली देवप्रयाग पहुंचे, जहां आवश्यक वैधानिक एवं पहचान संबंधी औपचारिकताएं पूर्ण करने के उपरांत धर्मवीर को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया गया । लगभग डेढ़ माह से अपने परिजन की तलाश कर रहा परिवार धर्मवीर को सुरक्षित पाकर भावुक हो उठा। परिजनों ने उत्तराखंड पुलिस एवं विशेष रूप से हेड कांस्टेबल विपेन्द्र रावत की संवेदनशीलता, तत्परता और मानवीय व्यवहार की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए हृदय से आभार व्यक्त किया । देवप्रयाग पुलिस के इस सराहनीय कार्य की स्थानीय नागरिकों एवं क्षेत्रवासियों ने भी मुक्त कंठ से सराहना की। लोगों ने कहा कि यह कार्य केवल कर्तव्य पालन नहीं, बल्कि उत्तराखंड पुलिस की “मित्र पुलिस” की उस सच्ची भावना का प्रतीक है, जिसमें हर जरूरतमंद व्यक्ति की सहायता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाती है ।

टिहरी पुलिस की अपील

यदि कहीं कोई असहाय, लावारिस अथवा संदिग्ध अवस्था में कोई व्यक्ति दिखाई दे, तो उसकी अनदेखी न करें। तत्काल निकटतम पुलिस थाना अथवा डायल-112 पर सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

“टिहरी पुलिस – सेवा, सुरक्षा एवं विश्वास के साथ सदैव आपके साथ।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *