एसएसपी श्वेता चौबे के निर्देशन में टिहरी पुलिस का त्वरित एक्शन थाना छाम पुलिस द्वारा रातभर सर्च अभियान चलाकर गुमशुदा नाबालिग बालिका को 12 घंटे में सकुशल बरामद कर परिजनों के किया सुपुर्द |

टिहरी | टिहरी गढ़वाल पुलिस ने एक बार फिर संवेदनशीलता, त्वरित कार्रवाई और पेशेवर दक्षता का परिचय देते हुए मात्र 12 घंटे के भीतर गुमशुदा 16 वर्षीय नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया । थाना छाम क्षेत्र निवासी 16 वर्षीय बालिका प्रातः विद्यालय जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन विद्यालय से वापस घर नहीं लौटी। परिजनों ने अपने स्तर पर रिश्तेदारों, परिचितों एवं संभावित स्थानों पर काफी तलाश की, किन्तु बालिका का कोई सुराग नहीं मिल सका। इसके बाद परिजनों द्वारा थाना छाम में सूचना दी गई । नाबालिग बालिका के लापता होने की सूचना को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए थाना छाम पुलिस ने तत्काल अपहरण संबंधी धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर बालिका की सकुशल बरामदगी के लिए युद्धस्तर पर अभियान शुरू कर दिया । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी चंबा के निकट पर्यवेक्षण में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया । पुलिस टीम ने संभावित मार्गों, विद्यालय से आने-जाने वाले रास्तों, बस अड्डों, टैक्सी स्टैंडों एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की गहनता से जांच की। साथ ही टेक्निकल सर्विलांस का प्रभावी उपयोग करते हुए विभिन्न जनपदों एवं थाना क्षेत्रों से लगातार समन्वय स्थापित किया गया । लगातार दिन-रात अथक प्रयास करते हुए पुलिस टीम ने ऋषिकेश क्षेत्र में संभावित स्थानों पर सघन सर्च अभियान चलाया। रात्रि लगभग 02:00 बजे पुलिस टीम ने ऋषिकेश क्षेत्र से नाबालिग बालिका को सकुशल रेस्क्यू कर बरामद कर लिया । बरामदगी के उपरांत बालिका को नियमानुसार माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। आवश्यक वैधानिक कार्यवाही पूर्ण करने के बाद उसे सकुशल परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया । अपनी पुत्री के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने थाना छाम पुलिस की त्वरित कार्रवाई, संवेदनशील कार्यशैली एवं अथक प्रयासों की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए पूरी पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया ।

*टिहरी पुलिस की अपील*

यदि किसी बच्चे के व्यवहार में अचानक परिवर्तन दिखाई दे अथवा वह बिना बताए घर से चला जाए, तो समय न गंवाते हुए तत्काल निकटतम पुलिस स्टेशन को सूचना दें। टिहरी पुलिस आपकी सुरक्षा, सहायता एवं विश्वास के लिए 24×7 सदैव तत्पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *