हजारों किलोमीटर दूर बेंगलुरु में छिपा धोखाधड़ी का वांछित अभियुक्त भी नहीं बच पाया टिहरी पुलिस की गिरफ्त से सर्विलांस और बेंगलुरु में एक सप्ताह की लगातार तलाश के बाद “ऑपरेशन प्रहार” के तहत देवप्रयाग पुलिस ने किया गिरफ्तार |

टिहरी | वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे के निर्देशन में जनपद में संचालित “ऑपरेशन प्रहार” के अंतर्गत वांछित अभियुक्तों एवं वारंटियों की गिरफ्तारी हेतु चलाए जा रहे अभियान के क्रम में टिहरी पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है । अपर पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल एवं क्षेत्राधिकारी नरेंद्रनगर के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली देवप्रयाग के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम द्वारा मुकदमा अपराध संख्या 40/2025, धारा 420/504 भा.द.वि. में वांछित अभियुक्त जगबीर नाथ पुत्र बलवीर नाथ, निवासी ग्राम कैन्थौगी बनचौरा, थाना धरासू, जनपद उत्तरकाशी, उम्र 35 वर्ष की तलाश की जा रही थी । अभियुक्त अपनी पहचान छुपाने के लिए लगातार पते बदल रहा था। पुलिस टीम ने सर्विलांस एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अभियुक्त की लोकेशन कर्नाटक के बेंगलुरु में प्राप्त की। इसके बाद देवप्रयाग पुलिस की टीम लगातार एक सप्ताह तक बेंगलुरु में रहकर अभियुक्त की गतिविधियों पर नजर रखती रही। कड़ी मशक्कत एवं सटीक सूचना संकलन के उपरांत थाना कोरमंगला क्षेत्र स्थित बीडीए कॉम्प्लेक्स के पास दबिश देकर अभियुक्त को दिनांक 28 जून 2026 को विधिक प्रक्रिया का पालन करते हुए गिरफ्तार कर लिया गया । गिरफ्तार अभियुक्त को नियमानुसार ट्रांजिट प्रक्रिया पूर्ण कर टिहरी गढ़वाल लाया गया तथा माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया ।

टिहरी पुलिस अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए यह स्पष्ट संदेश दे रही है कि कानून से बचने के लिए राज्य बदल लेना भी अपराधियों को गिरफ्तारी से नहीं बचा सकता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *