टिहरी | वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे के निर्देशन में जनपद में अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से मुख्य अग्निशमन अधिकारी टिहरी गढ़वाल संजीवा कुमार के नेतृत्व में विभिन्न महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों एवं व्यावसायिक संस्थानों का व्यापक फायर ऑडिट एवं निरीक्षण अभियान चलाया गया । अभियान के अंतर्गत सिंघटाली स्थित ताज रिसॉर्ट तथा गूलरडोगी स्थित आनंद काशी बाय द गंगेस का अग्नि सुरक्षा मानकों के अनुरूप निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों, आपातकालीन निकासी मार्गों, सुरक्षा व्यवस्थाओं तथा अन्य आवश्यक संसाधनों का परीक्षण कर संबंधित प्रबंधकों को सुरक्षा मानकों के प्रभावी अनुपालन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए । इसके अतिरिक्त सिंघटाली, व्यासी, शिवपुरी एवं तपोवन क्षेत्र में स्थित विभिन्न होटल, रिसॉर्ट एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का भी फायर ऑडिट किया गया। इस दौरान रागा ऑन द गंगेस, होटल विलीन, निमेशिया रिसॉर्ट तथा नमामि गंगे रिसॉर्ट सहित अन्य प्रतिष्ठानों में कार्यरत कर्मचारियों को आग लगने की स्थिति में त्वरित एवं सुरक्षित प्रतिक्रिया, प्राथमिक अग्निशमन उपकरणों के प्रभावी उपयोग तथा आपदा प्रबंधन संबंधी आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान किया गया ।
तपोवन स्थित होटल लेमन ट्री में कार्यरत समस्त स्टाफ को आग के विभिन्न प्रकार, अग्निकांड के संभावित कारणों, बचाव एवं सुरक्षा उपायों तथा प्राथमिक अग्निशमन उपकरणों के संचालन संबंधी विस्तृत जानकारी प्रदान करते हुए व्यावहारिक प्रदर्शन भी कराया गया, जिससे कर्मचारी किसी भी आपात स्थिति में प्रभावी ढंग से कार्य कर सकें । अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से मुख्य अग्निशमन अधिकारी द्वारा भद्रकाली में तैनात मिनी वाटर टेंडर का आकस्मिक निरीक्षण भी किया गया। निरीक्षण के दौरान फायर सर्विस कर्मियों को सदैव सतर्क रहने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए । टिहरी पुलिस एवं अग्निशमन विभाग द्वारा जनपद में जनसुरक्षा एवं अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने, संस्थानों में सुरक्षा मानकों के अनुपालन को प्रोत्साहित करने तथा संभावित अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए निरंतर अभियान चलाया जा रहा है ।
















Leave a Reply