टिहरी | जनपद टिहरी गढ़वाल को नशा मुक्त बनाने के संकल्प के साथ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत टिहरी पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है। पुलिस टीम द्वारा एक स्मैक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 4.54 ग्राम अवैध स्मैक (हेरोइन) बरामद की गई है । कोतवाली कीर्तिनगर पुलिस द्वारा रात्रि को चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान मलेथा चेक पोस्ट के समीप एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 4.54 ग्राम अवैध स्मैक (हेरोइन) बरामद हुई । बरामदगी के आधार पर अभियुक्त के विरुद्ध कोतवाली कीर्तिनगर में मु0अ0सं0 22/2026, धारा 8/21/60 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर उसे गिरफ्तार किया गया। प्रारंभिक पूछताछ में अभियुक्त के नशा तस्करी गतिविधियों में संलिप्त होने के तथ्य प्रकाश में आए हैं। पूछताछ के दौरान यह भी ज्ञात हुआ कि वह पहाड़ी क्षेत्रों में युवाओं को स्मैक की आपूर्ति करता था ।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान रोहित शाह (उम्र 31 वर्ष) निवासी कर्णप्रयाग, जनपद चमोली (हाल निवासी श्रीकोट, श्रीनगर) के रूप में हुई है।
पुलिस द्वारा अभियुक्त के नशा तस्करी नेटवर्क, आपूर्ति श्रृंखला एवं अन्य संभावित संलिप्त व्यक्तियों के संबंध में गहन जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि अभियुक्त द्वारा नशीले पदार्थों की आपूर्ति किन-किन क्षेत्रों में की जा रही थी । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्रीमती श्वेता चौबे ने स्पष्ट किया है कि जनपद में नशे के विरुद्ध अभियान पूरी दृढ़ता एवं सख्ती के साथ जारी रहेगा। युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले नशा तस्करों के विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
टिहरी पुलिस की अपील :
नशा समाज एवं युवा पीढ़ी का सबसे बड़ा शत्रु है। यदि आपके आसपास चरस, स्मैक, नशे के इंजेक्शन अथवा अन्य मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त या तस्करी की सूचना हो तो तत्काल अपने निकटतम थाना/चौकी अथवा मानस हेल्पलाइन नंबर 1933 पर सूचना दें।
सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।
“ड्रग्स फ्री देवभूमि, नशा मुक्त उत्तराखण्ड”
“नशा छोड़ें, भविष्य जोड़ें”
















Leave a Reply