साइबर अपराधों से बचाव के लिए अस्कोट पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान आमजन को साइबर ठगी के तरीकों एवं बचाव के उपायों की दी जानकारी |

पिथौरागढ़ | जनपद में बढ़ते साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा आमजन को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से पिथौरागढ़ पुलिस द्वारा लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं । इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली अस्कोट रविन्द्र यादव के नेतृत्व में अस्कोट पुलिस टीम द्वारा कस्बा अस्कोट में स्थानीय लोगों को साइबर अपराधों के विभिन्न तरीकों एवं उनसे बचाव के उपायों के बारे में जानकारी दी गई । पुलिस टीम द्वारा लोगों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, OTP फ्रॉड, फिशिंग लिंक, डिजिटल अरेस्ट एवं अन्य साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करते हुए बताया गया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपनी बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी, OTP, PIN एवं पासवर्ड साझा न करें। अनजान लिंक पर क्लिक करने तथा संदिग्ध ऐप डाउनलोड करने से बचें । साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने अथवा www.cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत करने हेतु जागरूक किया गया । पिथौरागढ़ पुलिस द्वारा आमजन से अपील की जाती है कि साइबर अपराधों के प्रति सतर्क एवं जागरूक रहें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *