गणपति को जगह नहीं मिली तो गेट पर बैठ गए कांग्रेसी |

हरिद्वार। ऋषिकुल मैदान में इस बार गणेश महोत्सव के लिए जगह नहीं मिलने का मुद्दा अब सियासी रंग लेने लगा है। गणेश महोत्सव के आयोजन की अनुमति न मिलने से नाराज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूर्व युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष कैश खुराना के नेतृत्व में ऋषिकुल मैदान के गेट के बाहर धरना दिया। कार्यकर्ता अपने साथ गणपति की मूर्ति भी लेकर पहुंचे और मैदान के बाहर ही विरोध जताया । धरने के दौरान कैश खुराना और एडवोकेट अरविंद शर्मा ने आरोप लगाया कि पिछले करीब 36 वर्षों से ऋषिकुल मैदान में गणपति का पंडाल सजता आ रहा है, लेकिन इस बार मैदान में एक कैबिनेट मंत्री का जन्मोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। उनका कहना था कि जिस स्थान पर भगवान गणेश की पूजा होनी थी, वहां राजनीतिक कार्यक्रम को प्राथमिकता दी गई। उन्होंने कैबिनेट मंत्री से श्रद्धालुओं से माफी मांगने की मांग की । सुंदर मनवाल और विकास चंद्रा ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी खुद को हिंदूवादी सरकार बताती है, लेकिन गणेश उत्सव के लिए स्थान नहीं मिलना उसकी कथनी और करनी के अंतर को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि जनता पूरे घटनाक्रम को देख रही है और इसका जवाब आगामी चुनाव में देगी । तरुण व्यास और पार्षद सोहित सेठी ने कहा कि ऋषिकुल मैदान में होने वाले गणपति उत्सव का स्थानीय लोगों को हर वर्ष इंतजार रहता था। यहां बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित होते थे। इस बार आयोजन के लिए जगह नहीं मिलने से श्रद्धालुओं और बच्चों में मायूसी है । धरने में प्रतीक, जितेंद्र सिंह, अंकित चौधरी, नीटू शर्मा, ऋषभ वशिष्ठ, दीपक पांडे, केशव शर्मा, अंकित शर्मा, महंत मोहित और आशु श्रीवास्तव समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *