चम्पावत| पुलिस अधीक्षक चम्पावत रेखा यादव के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली चम्पावत के नेतृत्व मे कोतवाली चम्पावत पुलिस टीम द्वारा राजकीय इंटर कॉलेज, अमोड़ी में पुलिस की पाठशाला कार्यक्रम में आयोजित कर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया । इस कार्यक्रम में कक्षा 6 से 12 तक के 299 छात्र-छात्राओं सहित लगभग 30 शिक्षक एवं विद्यालय कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया । कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को सरल एवं रोचक तरीके से विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी देकर जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया । बाल सुरक्षा एवं कानूनी जागरूकता: विद्यार्थियों को पॉक्सो अधिनियम, बाल अधिकारों एवं बाल श्रम निषेध के संबंध में जानकारी दी गई । किसी भी प्रकार के शोषण, अनुचित व्यवहार अथवा असुरक्षित परिस्थिति में चुप न रहकर अभिभावकों, शिक्षकों या पुलिस को सूचित करने के लिए प्रेरित किया गया । साइबर सुरक्षा का पाठ: ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, अनजान लिंक एवं संदिग्ध संदेशों से बचाव के तरीके बताए गए। विद्यार्थियों को ओटीपी, पासवर्ड एवं निजी जानकारी किसी के साथ साझा न करने की हिदायत दी गई । यातायात नियम एवं सुरक्षा: सड़क पार करते समय सावधानी बरतने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट एवं चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने के प्रति जागरूक किया गया । आपातकालीन सहायता: किसी भी आपात स्थिति में पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 की जानकारी दी गई। साथ ही छात्राओं को महिला सुरक्षा के लिए गौरा शक्ति ऐप के उपयोग के बारे में भी बताया गया । करियर काउंसलिंग: विद्यार्थियों को अपनी रुचि एवं क्षमता के अनुरूप करियर का चयन करने, लक्ष्य निर्धारित करने तथा अनुशासन और नियमित अध्ययन के माध्यम से अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित किया गया । चम्पावत पुलिस का उद्देश्य केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग, विशेषकर बच्चों एवं युवाओं को जागरूक, सुरक्षित और जिम्मेदार नागरिक बनाना भी है ।
अमोड़ी में सजी ‘पुलिस की पाठशाला’, 299 छात्र-छात्राओं को दी गई कानून, सुरक्षा एवं साइबर अपराधों की जानकारी बाल अधिकारों से लेकर साइबर सुरक्षा और यातायात नियमों तक, पुलिस ने विद्यार्थियों को किया जागरूक ।
















Leave a Reply