बाल दिवस के अवसर पर चम्पावत पुलिस ने छात्र-छात्राओं को नशे एवं साइबर अपराधों के प्रति किया जागरूक |

चंपावत | रेखा यादव पुलिस अधीक्षक चम्पावत के निर्देशन में जनपद पुलिस द्वारा युवाओं को नशे से दूर रखने एवं साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं । इसी क्रम में बाल दिवस के अवसर पर किमतोली इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं को किमतोली बाजार में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर नशे के दुष्प्रभावों एवं साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई । कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को नशे के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्परिणामों के बारे में बताते हुए नशे से सदैव दूर रहने तथा अपने साथियों एवं आसपास के लोगों को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करने की अपील की गई । इसके अतिरिक्त वर्तमान समय में बढ़ते साइबर अपराधों के दृष्टिगत बच्चों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, अनजान कॉल, सोशल मीडिया के दुरुपयोग एवं ऑनलाइन धोखाधड़ी के विभिन्न तरीकों के बारे में जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपनी व्यक्तिगत जानकारी, बैंक संबंधी विवरण, ओटीपी एवं पासवर्ड साझा न करें तथा किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें । साथ ही साइबर अपराध का शिकार होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने एवं आवश्यकता पड़ने पर पुलिस की सहायता लेने के लिए जागरूक किया गया । चम्पावत पुलिस द्वारा छात्र-छात्राओं को शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक बुराइयों के प्रति जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया गया । चम्पावत पुलिस की अपील: स्वयं जागरूक बनें, दूसरों को भी जागरूक करें और नशामुक्त एवं साइबर सुरक्षित समाज के निर्माण में अपना योगदान दें ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *