थाना लोहाघाट पुलिस का बड़ा खुलासा, दो दुकानों में हुई चोरी की घटनाओं का सफल अनावरण ₹12,000 की नकदी एवं चोरी के बर्तन बरामद, एक अभियुक्त गिरफ्तार।

चम्पावत | रेखा यादव, पुलिस अधीक्षक चम्पावत के निर्देशन एवं देवेन्द्र सिंह कप्रवाण, क्षेत्राधिकारी चम्पावत के पर्यवेक्षण में जनपद में चोरी एवं अन्य आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा अपराधियों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही किए जाने के क्रम में थाना लोहाघाट पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है । वादी निर्मल सिंह द्वारा अपनी दुकान में हुई चोरी के संबंध में थाना लोहाघाट में तहरीर दी गई। तहरीर के आधार पर थाना लोहाघाट में FIR संख्या 39/2026, धारा 305(ए) बीएनएस के अंतर्गत अज्ञात अभियुक्त के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत किया गया । घटना के शीघ्र अनावरण एवं अभियुक्त की गिरफ्तारी हेतु गठित पुलिस टीम द्वारा तत्काल सुरागरसी-पतारसी एवं संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग प्रारम्भ की गई ।

पुलिस की तत्परता से अभियुक्त गिरफ्तार, चोरी का माल बरामद

पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त एवं संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी । इसी दौरान मुखबिर एवं सूचना तंत्र से प्राप्त जानकारी के आधार पर सफेद एवं भूरे रंग की हुडी पहने एक संदिग्ध व्यक्ति को मायावती आश्रम जाने वाले तिराहे पर रोककर तलाशी ली गई । तलाशी के दौरान उसके कब्जे से दुकानों में हुई चोरी से संबंधित नकदी एवं अन्य सामान बरामद कर अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया लोहाघाट पुलिस की त्वरित कार्यवाही से दो दुकानों में हुई चोरी की घटना का सफल अनावरण हुआ ।

गिरफ्तार अभियुक्त का विवरण

1. मोहित कुमार पुत्र मनोज कुमार, उम्र 23 वर्ष, निवासी गैस गोदाम के निकट, लोहाघाट, जनपद चम्पावत।

बरामदगी का विवरण

1. ₹12,000/- नकद धनराशि।
2. एक एल्यूमीनियम का फ्राईपैन (बिना हैंडल)।
3. एक एल्यूमीनियम का डेक।
4. एक नॉनस्टिक कढ़ाई (एक हैंडल का हत्था गायब)।
5. एक स्टील की थाली।
6. एक ड्राइविंग लाइसेंस।
7. एक आधार कार्ड।

नशे की लत पूरी करने के लिए करता था चोरी

पुलिस पूछताछ में अभियुक्त द्वारा नशे का आदी होना तथा नशे की लत पूरी करने के लिए छोटी-मोटी चोरियां करना एवं चोरी किए गए सामान को बेचकर रुपये जुटाना बताया गया।

चम्पावत पुलिस की अपील

आमजन से अपील है कि अपने प्रतिष्ठानों एवं दुकानों की सुरक्षा के लिए CCTV कैमरे एवं अन्य आवश्यक सुरक्षा प्रबंध अवश्य करें। साथ ही अपने आसपास नशे की गिरफ्त में आ रहे युवाओं पर विशेष ध्यान दें तथा उन्हें नशे से दूर रखने के लिए जागरूक एवं प्रेरित करें। नशे के अवैध कारोबार, खरीद-फरोख्त अथवा नशे से संबंधित किसी भी गतिविधि की सूचना मानस हेल्पलाइन नंबर-1933 पर दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।

किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी पुलिस थाने अथवा डायल-112 पर दें।

आपकी सतर्कता, अपराध मुक्त एवं नशामुक्त समाज की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *