स्कूली वाहनों की सुरक्षा पर चमोली पुलिस की पैनी नजर, संयुक्त चेकिंग अभियान जारी |

चमोली | उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के निर्देशों के क्रम में स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने हेतु जनपद चमोली में स्कूल बसों, वैन, कैब एवं अन्य यात्री वाहनों का सघन निरीक्षण अभियान लगातार चलाया जा रहा है । इसी क्रम में आज पुनीत कुमार, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चमोली एवं यातायात निरीक्षक दिगम्बर उनियाल द्वारा गोपेश्वर क्षेत्र में संयुक्त रूप से चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान स्कूली बच्चों के परिवहन में लगे वाहनों का निरीक्षण कर सुरक्षा मानकों, आवश्यक दस्तावेजों एवं यातायात नियमों के अनुपालन की जांच की गई । चेकिंग के दौरान वाहन चालकों एवं परिचालकों को निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, क्षमता से अधिक बच्चों को न बैठाने तथा बच्चों के चढ़ने-उतरने के समय विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए। वहीं स्कूल प्रबंधन को भी बच्चों की सुरक्षित यात्रा के लिए सभी जरूरी इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा गया । अधिकारियों द्वारा स्पष्ट किया गया कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा सुरक्षा मानकों की अनदेखी पाए जाने पर संबंधित वाहन चालक एवं स्कूल प्रबंधन के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी । उल्लेखनीय है कि दिनांक 16 नवम्बर से 22 नवम्बर 2026 तक चलने वाला यह राज्यव्यापी संयुक्त अभियान जनपद चमोली में भी निरंतर जारी रहेगा ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *