यातायात पुलिस टनकपुर द्वारा हेलमेट एवं यातायात नियमों के पालन हेतु चलाया गया विशेष जागरूकता अभियान |

चम्पावत | पुलिस अधीक्षक महोदय के आदेशानुसार एवं क्षेत्राधिकारी टनकपुर के निर्देशन में अपर उपनिरीक्षक यातायात प्रमोद सिंह व यातायात कर्मचारियो द्वारा सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से दोपहिया वाहन चालकों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया । अभियान के दौरान यातायात पुलिस द्वारा दोपहिया वाहन चालकों को वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने तथा यातायात के सभी नियमों का पालन करने हेतु जागरूक किया गया। वाहन चालकों को बताया गया कि हेलमेट केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं के जीवन की सुरक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक है । पुलिस द्वारा बताया गया कि सड़क दुर्घटना के दौरान हेलमेट नहीं पहनने से सिर में गंभीर चोट लगने तथा जान जाने का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। अतः चालक एवं पीछे बैठने वाले व्यक्ति, दोनों को BIS प्रमाणित हेलमेट पहनना चाहिए तथा हेलमेट की स्ट्रैप (बेल्ट) को सही तरीके से बांधकर रखना चाहिए ।

इसके अतिरिक्त वाहन चालकों को निम्नलिखित यातायात नियमों का पालन करने हेतु जागरूक किया गया—

1. दोपहिया वाहन चलाते समय चालक एवं पीछे बैठने वाले व्यक्ति का हेलमेट पहनना अनिवार्य है।
2. वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करें।
3. निर्धारित गति सीमा का पालन करें एवं तेज गति से वाहन न चलाएं।
4. नशे की हालत में वाहन बिल्कुल न चलाएं।
5. यातायात संकेतों एवं ट्रैफिक सिग्नल का पालन करें।
6. दोपहिया वाहन पर निर्धारित संख्या से अधिक सवारी न बैठाएं।
7. वाहन चलाते समय ड्राइविंग लाइसेंस, पंजीकरण प्रमाण पत्र एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज साथ रखें।
8. वाहन चलाते समय अपनी एवं दूसरों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें।

यातायात पुलिस द्वारा स्पष्ट किया गया कि हेलमेट न पहनकर वाहन चलाना मोटर वाहन अधिनियम के तहत दंडनीय अपराध है । यातायात पुलिस टीम टनकपुर द्वारा सभी वाहन चालकों से अपील की गई कि वे यातायात नियमों का पालन करें, स्वयं सुरक्षित रहें तथा दूसरों को भी सुरक्षित रखें। आपकी थोड़ी सी सावधानी, आपके और आपके परिवार के जीवन की सुरक्षा की गारंटी बन सकती है ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *