चमोली | पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार के निर्देशन में जनपद पुलिस द्वारा वरिष्ठ एवं एकल नागरिकों की सुरक्षा, सहायता एवं कुशलक्षेम सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य उम्र, स्वास्थ्य अथवा अकेलेपन के कारण असहाय महसूस करने वाले बुजुर्गों तक पुलिस की सीधी पहुंच सुनिश्चित कर उन्हें सुरक्षा एवं सहयोग का भरोसा दिलाना है । इसी क्रम मे थाना पोखरी पुलिस द्वारा थाना क्षेत्रान्तर्गत निवासरत वरिष्ठ नागरिकों एवं बुजुर्गों के घर जाकर उनसे व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की गई। पुलिस कर्मियों ने उनका हालचाल जाना और स्वास्थ्य, दैनिक दिनचर्या, रहन-सहन, पारिवारिक स्थिति एवं सुरक्षा संबंधी आवश्यकताओं की जानकारी लेते हुए उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना । पुलिस अधिकारियों ने बुजुर्गों को आश्वस्त किया कि उनकी सुरक्षा एवं सहायता चमोली पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। किसी भी प्रकार की परेशानी, उत्पीड़न, घरेलू विवाद, धोखाधड़ी अथवा आपातकालीन स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचित करने के लिए प्रेरित किया गया । इस दौरान वरिष्ठ नागरिकों को साइबर अपराध एवं ऑनलाइन ठगी के प्रति भी जागरूक किया गया। उन्हें अनजान व्यक्तियों द्वारा फोन पर बैंक संबंधी जानकारी, ओटीपी मांगने, फर्जी कॉल एवं ऑनलाइन धोखाधड़ी के तरीकों के बारे में जानकारी देते हुए सतर्क रहने की सलाह दी गई। साथ ही समझाया गया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपनी व्यक्तिगत, बैंक एवं गोपनीय जानकारी साझा न करें । चमोली पुलिस का प्रयास है कि जनपद का कोई भी बुजुर्ग स्वयं को अकेला या असहाय महसूस न करे। उनकी सुरक्षा, सम्मान और सहायता के लिए पुलिस सदैव तत्पर है ।
साइबर अपराधों से बचाव के लिए किया जागरूक, हर परिस्थिति में सहायता का दिलाया भरोसा |
















Leave a Reply