आगामी दीपावली एवं धनतेरस पर्व को लेकर चम्पावत पुलिस अलर्ट—पुलिस अधीक्षक महोदया ने VC के माध्यम से ली बैठक, सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के दिए निर्देश ।

चम्पावत | आगामी दीपावली, धनतेरस एवं अन्य त्योहारों को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने तथा जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से रेखा यादव पुलिस अधीक्षक चम्पावत द्वारा जनपद के क्षेत्राधिकारी/समस्त प्रभारी निरीक्षक/थानाध्यक्षों एवं प्रभारी अग्निशमन अधिकारियो के साथ *वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (VC) के माध्यम से एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई । बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक महोदया द्वारा आगामी त्योहारों के दृष्टिगत जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने, पुलिस की प्रभावी उपस्थिति बनाए रखने तथा आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए ।

बैठक में पुलिस अधीक्षक द्वारा निम्नलिखित महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए गए*—
🔹 जनसहभागिता एवं समन्वय: व्यापार मंडल, सीएलजी सदस्यों, ग्राम प्रधानों, जनप्रतिनिधियों एवं टैक्सी चालकों के साथ बैठक कर त्योहारों के दौरान सुरक्षा एवं यातायात संबंधी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करें।
🔹 *महिला सुरक्षा* : सायंकालीन समय में बाजारों एवं भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थलों पर महिला पुलिस कर्मियों की विशेष टीम तैनात कर नियमित गश्त एवं निगरानी सुनिश्चित करें।
🔹 *बाजारों की सुरक्षा* : ज्वेलरी शॉप, बैंक, एटीएम एवं अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेकर सीसीटीवी कैमरे एवं अन्य सुरक्षा उपकरण दुरुस्त रखने हेतु निर्देशित करें।
🔹 *सघन चेकिंग एवं सत्यापन* : संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की नियमित चेकिंग करने के साथ होटल, ढाबों, होमस्टे एवं किरायेदारों का सत्यापन अभियान प्रभावी रूप से चलाएं।
🔹 *पटाखों की दुकानों की सुरक्षा* : पटाखों की दुकानें केवल निर्धारित एवं सुरक्षित स्थानों पर ही लगवाई जाएं। दुकानों से 50 से 100 मीटर की परिधि में आतिशबाजी, ज्वलनशील सामग्री अथवा आग उत्पन्न करने वाले उपकरणों के प्रयोग पर रोक सुनिश्चित की जाए।
🔹 *पैदल गश्त एवं पेट्रोलिंग* : बाजारों, प्रमुख चौराहों, बस अड्डों, रेलवे स्टेशन एवं संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात कर नियमित पैदल गश्त एवं पेट्रोलिंग की जाए।
🔹 *यातायात व्यवस्था* : भीड़भाड़ एवं यातायात के दबाव को देखते हुए आवश्यकतानुसार डायवर्जन एवं पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित कर आवागमन सुचारू रखा जाए।
🔹 *अग्निसुरक्षा व्यवस्था* : प्रभारी अग्निशमन अधिकारी पटाखों की दुकानों एवं संवेदनशील प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता एवं कार्यशीलता सुनिश्चित करें।
🔹 आ पातकालीन तैयारी* : सभी अधिकारी किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए पूर्ण रूप से तैयार रहें तथा संबंधित विभागों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखें ।

पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी । सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूर्ण मुस्तैदी के साथ ड्यूटी का निर्वहन करें तथा स्वयं क्षेत्र में भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लें । चम्पावत पुलिस द्वारा त्योहारों के दृष्टिगत जनपदभर में सघन चेकिंग, सत्यापन, गश्त एवं निगरानी अभियान चलाया जा रहा है, ताकि जनपदवासी सुरक्षित वातावरण में हर्षोल्लास के साथ त्योहार मना सकें । चम्पावत पुलिस की अपील: दीपावली एवं धनतेरस का पर्व आपसी भाईचारे एवं सौहार्द के साथ मनाएं। आतिशबाजी करते समय सुरक्षा मानकों का पालन करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस हेल्पलाइन 112 पर दें ।

चम्पावत पुलिस — आपकी सुरक्षा, हमारी प्राथमिकता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *