पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग ने जनपद रुद्रप्रयाग के गुमशुदा व्यक्तियों व जनपद क्षेत्रान्तर्गत मिले अज्ञात शवों के मामलों की कोतवाली वार समीक्षा कर दिये गये आवश्यक दिशा-निर्देश ।

रुद्रप्रयाग | शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग नीहारिका तोमर ने जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारियों, समस्त कोतवाली प्रभारियों, चौकी प्रभारियों और सम्बन्धित विवेचकों के साथ वीसी के माध्यम से एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक पुलिस कार्यालय में आयोजित की गई। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य जनपद के सभी कोतवाली में दर्ज गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश की प्रगति जानने तथा समय-समय पर बरामद होने वाले अज्ञात शवों की शत-प्रतिशत शिनाख्त सुनिश्चित करने के लिए चल रहे प्रयासों की समीक्षा करना था। बैठक में पुलिस अधीक्षक ने एक-एक कर सभी कोतवाली से सम्बन्धित मामलों का विवरण देखा गया। जिन मामलों में काफी समय से कोई सुराग नहीं मिला है, उन पर उन्होंने आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सम्बन्धित विवेचकों को जांच की गति बढ़ाने को कहा। कतिपय गुमशुदगी के मामलों में अन्तिम रिपोर्ट मा. न्यायालय प्रेषित की गयी हैं, ऐसे मामलों में पुनः गहन जांच पड़ताल किये जाने के निर्देश दिये गये। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट तौर पर निर्देशित किया गया कि अज्ञात शवों की बरामदगी और गुमशुदाओं की तलाश के मामलों में पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) का अक्षरशः पालन किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी अज्ञात शव के मिलने पर निर्धारित समय सीमा के भीतर उसके फोटोग्राफ, शारीरिक बनावट, पहनावे और विशेष पहचान चिन्हों का व्यापक प्रचार-प्रसार सोशल मीडिया, समाचार पत्रों और सार्वजनिक स्थानों पर किया जाए, ताकि उनकी शिनाख्त जल्द से जल्द हो सके। इसके साथ ही, तकनीकी एकीकरण और अंतर-राज्यीय समन्वय को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए उन्होंने निर्देश दिए कि सभी गुमशुदगी और अज्ञात शवों से जुड़े हर छोटे-बड़े विवरण को NATGRID पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड किया जाए, जिससे देशव्यापी स्तर पर डेटा का मिलान किया जा सके। पुलिस अधीक्षक ने मानव तस्करी (Human Trafficking) की आशंकाओं के दृष्टिगत भी विशेष सतर्कता बरतने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि गुमशुदा बच्चों और महिलाओं के मामलों को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी जाए और उनकी बरामदगी के लिए विशेष टीमों का गठन कर संभावित ठिकानों, बस स्टेशनों, रेलवे स्टेशनों और धार्मिक स्थलों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जाए। इसके साथ ही, स्थानीय स्तर पर डिजिटल सर्विलांस, मोबाइल फॉरेंसिक और मुखबिर तंत्र को और अधिक सक्रिय करने की हिदायत दी गई। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए और सभी अधिकारी पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्यों का सम्पादन करें। बैठक में पुलिस उपाधीक्षक रुद्रप्रयाग विकास पुण्डीर, पुलिस उपाधीक्षक गुप्तकाशी वेद प्रकाश भट्ट, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रुद्रप्रयाग मुकेश चौहान, वाचक पुलिस अधीक्षक रणजीत खनेड़ा सहित शेष सभी कोतवाली प्रभारी व विवेचक ऑनलाइन (वीसी के माध्यम से) जुड़े रहे ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *