प्रभारी निरीक्षक ऊखीमठ ने ग्राम परकंडी में ग्रामीणों को नशे, साइबर और यातायात नियमों के प्रति किया जागरुक ।

ऊखीमठ | ​पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग के निर्देशन में जनपद पुलिस द्वारा नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नशा मुक्ति पखवाड़ा” के अंतर्गत ग्राम परकंडी में एक जन जागरुकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के तहत प्रभारी निरीक्षक ऊखीमठ मनोज नेगी ने पुलिस टीम के साथ ग्राम वासियों के बीच पहुंचकर एक चौपाल लगाई और उन्हें विभिन्न सामाजिक बुराइयों व कानूनी नियमों के प्रति विस्तार से जागरुक किया । ​कार्यक्रम के दौरान प्रभारी निरीक्षक मनोज नेगी ने ग्रामीणों, विशेषकर युवाओं और महिलाओं को सिंथेटिक ड्रग्स के घातक दुष्प्रभावों के सम्बन्ध में विस्तार से जानकारी दी । उन्होंने बताया कि सिंथेटिक ड्रग्स न केवल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को पूरी तरह नष्ट कर देते हैं, बल्कि पूरे परिवार को बर्बादी की कगार पर ला खड़ा करते हैं। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे अपने बच्चों की संगति पर विशेष ध्यान दें और यदि क्षेत्र में कोई भी व्यक्ति नशीले पदार्थों की तस्करी या बिक्री में लिप्त पाया जाता है, तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी। ​नशा मुक्ति के साथ-साथ पुलिस टीम द्वारा वर्तमान में बढ़ रहे साइबर अपराधों के प्रति भी ग्रामीणों को सतर्क किया गया। प्रभारी निरीक्षक ने ग्रामीणों को समझाया कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपना बैंक ओटीपी, एटीएम पिन या कोई भी गोपनीय दस्तावेज साझा न करें और किसी भी प्रकार की ऑनलाइन धोखाधड़ी होने पर तुरन्त राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सम्पर्क करें। इसके साथ ही महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर बनाए गए कड़े कानूनों और पुलिस हेल्पलाइनों की जानकारी देते हुए उन्हें किसी भी अप्रिय घटना के खिलाफ आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया गया । ​क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और सुरक्षित सफर सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ग्रामीणों को यातायात नियमों का पालन करने की भी सख्त हिदायत दी गई । पुलिस ने सभी को दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट का प्रयोग करने, ओवरस्पीडिंग से बचने और नशा करके वाहन न चलाने की अपील की। इस अवसर पर ग्राम प्रधान सहित स्थानीय ग्रामीण, महिलाएं और युवा उपस्थित रहे, जिन्होंने पुलिस के इस जन-जागरुकता प्रयास की सराहना करते हुए क्षेत्र को नशा मुक्त और सुरक्षित बनाने में अपना पूर्ण सहयोग देने का संकल्प लिया ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *