टिहरी | वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे की अध्यक्षता में आज पुलिस लाइन चंबा में मासिक अपराध गोष्ठी एवं पुलिस सम्मेलन आयोजित किया गया। गोष्ठी में ई-एफआईआर, नागरिक केंद्रित पुलिसिंग, जनपद की कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध, नशा उन्मूलन, लंबित विवेचनाओं एवं जन शिकायतों के निस्तारण की विस्तृत समीक्षा की गई । बैठक की शुरुआत पुलिस कार्मिकों की समस्याओं एवं सुझावों को सुनने से हुई। एसएसपी ने पुलिस कर्मियों के कल्याण को प्राथमिकता देते हुए संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए तथा कहा कि एक प्रेरित एवं संतुष्ट पुलिस बल ही जनता को बेहतर सेवाएं प्रदान कर सकता है । जनपद में उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले 30 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को “Employee of the Month” सम्मान से सम्मानित किया गया। एसएसपी ने सम्मानित कार्मिकों की सराहना करते हुए अन्य कर्मियों को भी उत्कृष्ट कार्य हेतु प्रेरित किया । गोष्ठी के दौरान एसएसपी श्वेता चौबे ने सभी थाना प्रभारियों एवं शाखा प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि अपराधियों, नशा तस्करों एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई में किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि टिहरी पुलिस की प्राथमिकता अपराध नियंत्रण के साथ-साथ नागरिक केंद्रित, पीड़ित केंद्रित एवं संवेदनशील पुलिसिंग सुनिश्चित करना है । उन्होंने विशेष रूप से निर्देशित किया कि आमजन की शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए तथा प्रत्येक पुलिस अधिकारी जनता के प्रति सहयोगात्मक एवं सकारात्मक व्यवहार अपनाए । इस अवसर पर साइबर अपराधों के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से तैयार की गई साइबर जागरूकता पुस्तिका का भी विमोचन किया गया। एसएसपी श्वेता चौबे ने कहा कि डिजिटल युग में साइबर अपराध लगातार नए स्वरूप में सामने आ रहे हैं, ऐसे में जनजागरूकता ही सबसे प्रभावी सुरक्षा कवच है
। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि पुस्तिका में उल्लिखित महत्वपूर्ण जानकारियों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाते हुए साइबर सुरक्षा के प्रति व्यापक जनजागरूकता अभियान संचालित किया जाए ।
गोष्ठी में जारी प्रमुख निर्देश—
➡️ जनपद में अपराध एवं नशे के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए जीरो टॉलरेंस नीति को धरातल पर लागू किया जाए।
➡️ नागरिक केंद्रित पुलिसिंग को प्राथमिकता देते हुए आमजन के साथ बेहतर संवाद एवं विश्वास कायम किया जाए।
➡️ ई-एफआईआर प्रणाली को प्रभावी बनाकर अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ दिलाया जाए।
➡️ श्रद्धालुओं, पर्यटकों एवं यात्रियों के साथ संवेदनशील एवं सहयोगात्मक व्यवहार सुनिश्चित किया जाए।
➡️ जन शिकायतों का त्वरित, गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
➡️ अवैध मादक पदार्थों की बिक्री एवं तस्करी में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए।
➡️ ड्रंक एंड ड्राइव तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध अभियान चलाकर प्रभावी कार्रवाई की जाए।
➡️ मां गंगा के पावन तटों एवं सार्वजनिक स्थलों पर शराब सेवन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
➡️ लंबित विवेचनाओं, जांचों एवं प्रारंभिक जांचों को निर्धारित समयावधि में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किया जाए तथा आरोप पत्र समय से न्यायालय में प्रेषित किए जाएं।
➡️ न्यायालयीय आदेशों, सम्मनों एवं वारंटों की शत-प्रतिशत तामीली सुनिश्चित की जाए।
➡️ महिला संबंधी शिकायतों एवं अपराधों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
➡️ महिलाओं के अज्ञात शवों की शत-प्रतिशत शिनाख्त हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान को प्रभावी रूप से संचालित किया जाए तथा गुमशुदा व्यक्तियों की शत-प्रतिशत बरामदगी सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक कार्रवाई की जाए।
➡️ डायल-112, उत्तराखंड पुलिस ऐप एवं अन्य पोर्टलों पर प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण किया जाए।
➡️ सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़ों का i-RAD App/Web App पर समय से अपलोड किया जाए तथा संबंधित कर्मियों को नियमित प्रशिक्षण दिया जाए।
➡️ आपदा प्रबंधन की तैयारियों को समय से पूर्ण करते हुए ग्राम प्रहरियों को प्रशिक्षित किया जाए ताकि आपदा की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित हो सके।
➡️ “नशा मुक्त भारत पखवाड़ा” के अंतर्गत अधिकाधिक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर युवाओं एवं आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जाए।
➡️ अधिकाधिक जनजागरूकता अभियान संचालित कर पुलिस एवं जनता के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए।
गोष्ठी के दौरान सहायक अभियोजन अधिकारी द्वारा विशेष श्रेणी के अपराधों सहित अन्य महत्वपूर्ण अभियोगों की विधिक समीक्षा प्रस्तुत की गई।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक टिहरी दीपक सिंह क्षेत्राधिकारी टिहरी चंद्रमोहन सिंह, सीएफओ टिहरी जनपद के समस्त थाना प्रभारी व शाखा प्रभारी तथा थानों के 02-02 पुलिस कर्मचारी उपस्थित रहे ।
















Leave a Reply