टिहरी | वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल
श्वेता चौबे द्वारा आज पुलिस लाइन चंबा में “नशामुक्त भारत पखवाड़ा-2026” का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर उपस्थित पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने की शपथ दिलाई गई । भारत सरकार एवं उत्तराखण्ड शासन के निर्देशानुसार प्रत्येक वर्ष 26 जून को “मादक पदार्थों के दुरुपयोग एवं अवैध तस्करी के विरुद्ध अंतर्राष्ट्रीय दिवस” मनाया जाता है। इसी क्रम में “नशा मुक्त भारत अभियान” के तहत इस वर्ष 12 जून से 26 जून, 2026 तक “नशामुक्त भारत पखवाड़ा” आयोजित किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत जनपद टिहरी गढ़वाल में व्यापक जन-जागरूकता अभियान संचालित किया जाएगा । इस अवसर पर एसएसपी श्वेता चौबे ने कहा कि उत्तराखण्ड सरकार के “ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन” को सफल बनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। नशा केवल व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि परिवार, समाज और राष्ट्र की प्रगति को भी प्रभावित करता है। युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने तथा उन्हें सकारात्मक दिशा प्रदान करने के लिए जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है।
पखवाड़े के दौरान आयोजित किए जाने वाले प्रमुख कार्यक्रम:
▶️ विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं अन्य शैक्षणिक संस्थानों में नशा उन्मूलन विषयक जागरूकता गोष्ठियों, सेमिनारों एवं कार्यशालाओं का आयोजन।
▶️ जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में नशा विरोधी रैलियों एवं जन-जागरूकता अभियानों का संचालन।
▶️ युवाओं एवं आम नागरिकों को नशामुक्त समाज के निर्माण हेतु ई-प्रतिज्ञा अभियान से जोड़ना।
▶️ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से वीडियो, पोस्टर, डिजिटल टेम्पलेट एवं जागरूकता संदेशों का व्यापक प्रचार-प्रसार।
▶️ एफएम रेडियो, एसएमएस सेवाओं एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों संबंधी संदेशों का प्रसारण।
▶️ बस अड्डों, टैक्सी स्टैंडों, बाजारों, सार्वजनिक स्थलों, पुलिस थानों एवं चौकियों पर पोस्टर, बैनर एवं पंपलेट के माध्यम से जन-जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन।
▶️ ग्राम पंचायतों, नगर निकायों, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं स्थानीय नागरिकों की सहभागिता से विशेष नशामुक्ति कार्यक्रमों का आयोजन।
जनपद पुलिस टिहरी गढ़वाल आमजन से अपील करती है कि वे स्वयं नशे से दूर रहें तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें। यदि कहीं मादक पदार्थों की तस्करी, बिक्री अथवा सेवन संबंधी कोई सूचना प्राप्त होती है तो उसकी जानकारी तत्काल पुलिस को उपलब्ध कराएं । आइए, हम सभी मिलकर “नशा मुक्त भारत” एवं “ड्रग्स फ्री देवभूमि” के संकल्प को साकार करने में अपना योगदान दें तथा एक स्वस्थ, सुरक्षित एवं समृद्ध समाज के निर्माण में सहभागी बनें ।
जनपद पुलिस टिहरी गढ़वाल
“आपकी सुरक्षा, हमारी प्रतिबद्धता”
















Leave a Reply