एसएसपी श्वेता चौबे के निर्देशन में टिहरी पुलिस की बड़ी सफलता, साइबर ठगी के दो पीड़ितों को कुल ₹82,510 की धनराशि कराई गई वापस |

टिहरी | वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे के निर्देशन में साइबर अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत टिहरी पुलिस ने साइबर ठगी के दो अलग-अलग मामलों में प्रभावी कार्रवाई करते हुए पीड़ितों को कुल ₹82,510 की धनराशि वापस कराई है । पहले प्रकरण में ग्राम छाम निवासी एक व्यक्ति के साथ माह दिसम्बर 2025 में अज्ञात साइबर अपराधियों द्वारा फर्जी APK फाइल डाउनलोड कराकर साइबर धोखाधड़ी की गई थी। शिकायत प्राप्त होने के उपरांत साइबर सेल टिहरी गढ़वाल एवं थाना छाम पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित बैंक खातों में गई धनराशि को होल्ड कराया गया। भारत सरकार के MRM (Money Restoration Mechanism) पोर्टल के माध्यम से आवश्यक विधिक एवं तकनीकी प्रक्रिया पूर्ण कराते हुए होल्ड की गई राशि में से ₹20,000 पीड़ित के बैंक खाते में सफलतापूर्वक वापस कराए गए । दूसरे प्रकरण में ढालवाला, मुनिकीरेती निवासी ओमप्रकाश पुरवाल साइबर ठगों द्वारा भेजी गई फर्जी APK फाइल के माध्यम से साइबर धोखाधड़ी का शिकार हुए थे। घटना की सूचना प्राप्त होने पर साइबर सेल टिहरी एवं थाना मुनिकीरेती पुलिस द्वारा तत्काल तकनीकी एवं कानूनी कार्रवाई करते हुए संबंधित बैंक खातों एवं ट्रांजेक्शनों को चिन्हित कर आवश्यक समन्वय स्थापित किया गया। पुलिस के निरंतर प्रयासों के परिणामस्वरूप पीड़ित को पूर्व में ₹52,000 तथा अब अतिरिक्त ₹10,510 की धनराशि वापस कराई गई। इस प्रकार उन्हें कुल ₹62,510 की राशि सफलतापूर्वक रिफंड कराई गई । दोनों मामलों में धनराशि वापस प्राप्त होने पर पीड़ितों ने टिहरी पुलिस, साइबर सेल टिहरी गढ़वाल तथा संबंधित थाना पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया ।

टिहरी पुलिस की साइबर सुरक्षा अपील

✅ किसी भी अपरिचित व्यक्ति द्वारा भेजी गई APK फाइल, लिंक अथवा एप्लीकेशन डाउनलोड न करें।
✅ OTP, बैंक विवरण, UPI PIN, CVV अथवा अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें।
✅ साइबर वित्तीय धोखाधड़ी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें अथवा www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें।
✅ शीघ्र सूचना देने पर धनराशि होल्ड एवं रिफंड होने की संभावना काफी बढ़ जाती है।

साइबर अपराध के विरुद्ध टिहरी पुलिस आपके साथ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *