केदारनाथ यात्रा में अपनों से बिछड़े बालक को पुलिस जवान ने सकुशल परिजनों से मिलाया |

रुद्रप्रयाग | श्री केदारनाथ धाम यात्रा-2026 अपने चरम पर है, जहाँ देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु बाबा के दर्शन हेतु पहुँच रहे हैं। भारी भीड़ के चलते श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सहायता के लिए रुद्रप्रयाग पुलिस ‘मित्र पुलिस’ के संकल्प के साथ चौबीसों घंटे मुस्तैद है। इसी क्रम में आज पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता का एक अनूठा उदाहरण सामने आया है। यात्रा मार्ग गौरीकुण्ड पर डयूटी के दौरान आरक्षी दलवीर सिंह को एक छोटा बालक रोता और परेशान हालत में मिला। बालक अत्यधिक डरा हुआ था और भीड़ में अपने परिजनों से अलग हो गया था। आरक्षी दलवीर ने तत्काल सूझबूझ का परिचय देते हुए बालक को अपने संरक्षण में लिया, उसे ढांढस बंधाया और पानी आदि पिलाकर शांत कराया।​ तदोपरान्त आरक्षी द्वारा बालक से नाम-पता पूछने का प्रयास किया गया और वायरलेस व लाउडस्पीकर के माध्यम से यात्रा मार्ग पर तत्काल अनाउंसमेंट कराया गया। त्वरित कार्यवाही के फलस्वरुप कुछ ही समय में बालक की ढूंढखोज करते हुए उसकी व्याकुल मां और परिजन पुलिस टीम तक पहुंचे। आरक्षी दलवीर ने बालक को सुरक्षित उसकी मां और परिजनों के सुपुर्द किया गया।। अपने बच्चे को सकुशल वापस पाकर मां की आँखों में आंसू छलक आए और उन्होंने रुद्रप्रयाग पुलिस का आभार व्यक्त किया । केदारनाथ यात्रा पर आने वाले हर एक श्रद्धालु की सुरक्षा और सहायता रुद्रप्रयाग पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *