कोतवाली बागेश्वर पुलिस ने बीट क्षेत्र में चलाया सघन जन-जागरूकता अभियान; नए कानूनों, साइबर सुरक्षा और सत्यापन के प्रति किया जागरूक |

बागेश्वर । पुलिस अधीक्षक बागेश्वर के निर्देशन में अपराध नियंत्रण एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु कोतवाली बागेश्वर पुलिस द्वारा अपने-अपने बीट क्षेत्रों में सघन भ्रमण कर वरिष्ठ नागरिकों एवं आम जनता से सीधा संवाद स्थापित किया गया। इस विशेष अभियान के तहत स्थानीय निवासियों, व्यापारियों और मकान मालिकों को सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं । पुलिस टीम ने सुरक्षा के दृष्टिगत सभी मकान मालिकों और व्यापारियों को अपने किरायेदारों, घरेलू सहायकों मजदूरों तथा बाहरी व्यक्तियों का अनिवार्य रूप से सत्यापन कराने हेतु जागरूक किया। पुलिस ने अपील की कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी थाने को दें ताकि समय रहते अपराधों की रोकथाम की जा सके । कोतवाली बागेश्वर पुलिस द्वारा क्षेत्र में ई-मोबाइल वैन के माध्यम से व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान आमजन को देश में लागू नवीन आपराधिक कानूनों—भारतीय न्याय संहिता (BNS), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) और भारतीय साक्ष्य अधिनियम (BSA) के प्रमुख प्रावधानों के संबंध में विस्तार से जानकारी प्रदान की गई । अभियान के दौरान पुलिस कर्मियों ने लोगों को ऑनलाइन फ्रॉड, महिला संबंधी अपराधों और बालकों के विरुद्ध होने वाले अपराधों व उनके कानूनी अधिकारों के विषय में जागरूक किया । पुलिस ने साइबर ठगी से बचने के महत्वपूर्ण टिप्स साझा करते हुए अपील की कि :

• किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें।
• अज्ञात व्यक्ति के साथ बैंकिंग विवरण या ओटीपी (OTP) साझा न करें।
• साइबर धोखाधड़ी का शिकार होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।
इसके साथ ही बीट भ्रमण के दौरान नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों और यातायात नियमों का पालन करने हेतु भी प्रेरित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *