रुद्रप्रयाग पुलिस की त्वरित कार्यवाही : केदारनाथ यात्रा मार्ग पर परिजनों से बिछड़े 5 वर्षीय मासूम को गौरीकुण्ड पुलिस ने सकुशल ढूंढकर परिजनों के सुपुर्द किया ।

रुद्रप्रयाग | केदारनाथ धाम यात्रा मार्ग पर रुद्रप्रयाग पुलिस की सजगता और त्वरित कार्यवाही से एक बार फिर एक मासूम बच्चा अपने परिवार से मिल सका । पुलिस ने अथक प्रयास कर मात्र कुछ ही समय में 5 वर्षीय गुमशुदा बच्चे को सकुशल ढूंढकर उसके परिजनों के सुपुर्द किया, जिसके बाद भावुक परिजनों ने पुलिस का आभार व्यक्त किया । पुलिस चेक पोस्ट गौरीकुंड पर रंजीत कुमार (निवासी: जमशेदपुर, झारखंड) ने अत्यन्त परेशान होकर सूचना दी कि उनका 5 वर्षीय पुत्र लव कुमार श्री केदारनाथ धाम के दर्शन कर वापस लौटते समय भीड़-भाड़ के कारण कहीं बिछड़ गया है। उन्होंने बताया कि वापसी के दौरान उन्होंने बच्चे को एक बास्केट (कंडी) वाले के पास बैठाया था, लेकिन अब न तो वह बास्केट वाला मिल रहा है और न ही उसका कोई मोबाइल नम्बर उपलब्ध है । मासूम बच्चे के गुम होने की सूचना पर चेक पोस्ट गौरीकुण्ड पर ड्यूटी में नियुक्त हेड कांस्टेबल जितेंद्र सिंह और कांस्टेबल विनोद सिंह ने तुरन्त कार्यवाही शुरू की। पुलिसकर्मियों ने घबराए हुए परिजनों को ढांढस बंधाया और बच्चे को जल्द से जल्द ढूंढने का पूरा भरोसा दिया । इसके तत्काल बाद पुलिस टीम द्वारा यात्रा मार्ग और आसपास के संभावित स्थानों पर सघन खोजबीन अभियान चलाया गया। पुलिसकर्मियों के अथक प्रयासों और सूझबूझ से कुछ ही समय में बच्चे को सकुशल तलाश कर लिया गया । परिजनों को जब उनका बच्चा सुरक्षित वापस मिला, तो उनकी आंखों में खुशी के आंसू छलक आए। उन्होंने रुद्रप्रयाग पुलिस की त्वरित कार्यवाही, सेवा भावना और संवेदनशीलता की मुक्तकंठ से सराहना की और पूरी टीम का धन्यवाद ज्ञापित किया ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *