आपदा, फायर सीजन व माँ पूर्णागिरी मेले की सुरक्षा को लेकर संयुक्त मॉक ड्रिल का आयोजन |

चंपावत | जनपद चंपावत में संभावित आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने तथा आगामी आपदा,फायर सीजन व माँ पूर्णागिरी मेले के दृष्टिगत सुरक्षा व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने हेतु एक संयुक्त मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया । रेखा यादव, पुलिस अधीक्षक चम्पावत के निर्देशन में जनपद के पुलिस, फायर सर्विस, SSB,SDRF, ITBP, वन विभाग, राजस्व विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा साथ समन्वय स्थापित कर संयुक्त मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया ।

जनपद के विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों में अलग-अलग आपदा परिदृश्यों पर अभ्यास किया । जैसे संभावित बाढ़, प्राकृतिक आपदा एवं सड़क दुर्घटनाओं के दौरान त्वरित एवं प्रभावी रेस्क्यू ऑपरेशन को सुनिश्चित करना व दुर्घटना की स्थिति में आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों का उपयोग, घायलों को सुरक्षित बाहर निकालने, प्राथमिक उपचार प्रदान करने तथा गंभीर घायलों को शीघ्र नजदीकी चिकित्सालय पहुंचाने की प्रक्रिया का व्यवहारिक प्रशिक्षण किया गया। मॉक ड्रिल के माध्यम से पुलिस व अन्य संबंधित विभागों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित करने के साथ-साथ आपदा की स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने हेतु सभी प्रतिभागियों को प्रशिक्षित एवं जागरूक किया गया।

इस दौरान विभिन्न विभागों के बीच आपसी समन्वय, संचार व्यवस्था, संसाधनों के उपयोग एवं आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली को भी परखा गया। संबंधित अधिकारियों द्वारा मौके पर उपस्थित रहकर टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए एवं कमियों को चिन्हित कर उन्हें दूर करने हेतु सुझाव प्रदान किए गए।

इस प्रकार की मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य आपदा के समय जनहानि एवं संपत्ति के नुकसान को न्यूनतम करना तथा राहत एवं बचाव कार्यों को अधिक प्रभावी बनाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *