विशेष फायर सेफ्टी ऑडिट लगातार जारी ।

उत्तरकाशी | पुलिस मुख्यालय उत्तराखण्ड के निर्देशानुसार अग्नि सुरक्षा के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने तथा अग्नि दुर्घटनाओं एवं आपात स्थितियों में जानमाल की हानि के जोखिम को कम करने व चारधाम यात्रा के दृष्टिगत पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में होटल, रेस्टोरेंट एवं अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का लगातार विशेष फायर सेफ्टी ऑडिट किया जा रहा है । प्रभारी निरीक्षक कोतवाली दिनेश कुमार एवं प्रभारी अग्निसमन अधिकारी नरेन्द्र सिंह रावत के नेतृत्व में फायर सर्विस टीम व कोतवाली उत्तरकाशी पुलिस टीम द्वारा क्षेत्रान्तर्गत स्थित होटल, रेस्टोरेंट एवं अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण किया गया। अभियान के दौरान अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता एवं कार्यशीलता, आपातकालीन निकास मार्गों की स्थिति, विद्युत वायरिंग की सुरक्षा, फायर अलार्म सिस्टम, अग्निशमन व्यवस्थाओं तथा आपदा की स्थिति में सुरक्षित निकासी संबंधी प्रबंधों का गहन परीक्षण किया गया । निरीक्षण के दौरान जिन संस्थानों में अग्नि सुरक्षा मानकों के अनुरूप आवश्यक व्यवस्थाएं एवं उपकरण उपलब्ध नहीं पाए गए, उन्हें नियमानुसार नोटिस जारी करते हुए आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए । साथ ही प्रतिष्ठान संचालकों एवं कर्मचारियों को अग्नि सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए तथा आग लगने की स्थिति में अपनाई जाने वाली सावधानियों, त्वरित प्रतिक्रिया एवं प्राथमिक कार्यवाही के संबंध में विस्तृत जानकारी देकर जागरूक किया गया । उत्तरकाशी पुलिस एवं फायर सर्विस जनसुरक्षा के प्रति प्रतिबद्ध है तथा अग्नि सुरक्षा मानकों के प्रभावी अनुपालन हेतु ऐसे निरीक्षण अभियान निरंतर जारी रहेंगे ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *