टिहरी | वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल
श्वेता चौबे के निर्देशन में संचालित “नशा मुक्त भारत पखवाड़ा” अभियान के अंतर्गत जनपदभर में व्यापक स्तर पर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान का उद्देश्य युवाओं, विद्यार्थियों एवं आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर नशामुक्त समाज के निर्माण में सहभागी बनाना है । इसी क्रम में कोतवाली नरेंद्र नगर पुलिस द्वारा नरेंद्र नगर से आगरा खाल तक लगभग 12 किलोमीटर (16,449 कदम) की पैदल जनजागरूकता रैली आयोजित की गई। कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी नरेंद्र नगर श्री सुरेंद्र सिंह भंडारी, प्रभारी निरीक्षक देवराज शर्मा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक सत्येंद्र भंडारी, चौकी प्रभारी आगरा खाल उपनिरीक्षक आमिर खान, महिला उपनिरीक्षक दीपिका तिवारी सहित पुलिस एवं फायर सर्विस के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया।
पदयात्रा के दौरान हिंडोलाखाल, दुवाधार एवं आगरा खाल क्षेत्र में स्थानीय नागरिकों को शराब, मादक पदार्थों एवं अन्य नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्परिणामों की जानकारी दी गई तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया । वहीं थाना थत्यूड़ पुलिस द्वारा जौनपुर ब्लॉक सभागार में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में लगभग 160 लोगों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में ग्राम प्रधानों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों, जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देकर नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प दिलाया गया । इसके अतिरिक्त कोतवाली कीर्तिनगर क्षेत्रांतर्गत सैजो स्कूल में छात्र-छात्राओं के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा समाज में नशे के विरुद्ध जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया गया ।
इसी क्रम में थाना छाम क्षेत्रांतर्गत विकासखंड जौनपुर के हवलदार ब्लॉक में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में टिहरी पुलिस द्वारा जनजागरूकता स्टॉल स्थापित कर क्षेत्र के लगभग 400 से 500 लोगों को नशे के दुष्प्रभावों एवं नशामुक्त जीवन के महत्व के संबंध में जागरूक किया गया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम द्वारा उपस्थित ग्रामीणों, महिलाओं एवं युवाओं को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक नुकसान तथा उससे बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई । शिविर में उपस्थित लोगों ने पुलिस के इस प्रयास की सराहना करते हुए नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में सक्रिय सहयोग का संकल्प लिया। जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों द्वारा पुलिस विभाग के नशामुक्ति अभियान तथा जनहित में किए जा रहे कार्यों की भूरि-भूरि प्रशंसा की गई तथा इसे समाज को सकारात्मक दिशा देने वाली पहल बताया गया । सभी कार्यक्रमों के दौरान उपस्थित नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों एवं युवाओं को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई तथा अपने परिवार, मित्रों एवं समाज को भी नशे के प्रति जागरूक करने का संकल्प कराया गया। साथ ही बताया गया कि यदि कहीं भी मादक पदार्थों की तस्करी, बिक्री अथवा अन्य अवैध गतिविधियों की जानकारी प्राप्त होती है तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें, जिससे संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध प्रभावी वैधानिक कार्रवाई की जा सके। एसएसपी श्वेता चौबे ने कहा कि “नशे के विरुद्ध लड़ाई केवल पुलिस की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। जागरूकता, जनसहभागिता और जनसहयोग के माध्यम से ही नशामुक्त टिहरी एवं नशामुक्त भारत के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। टिहरी पुलिस युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और समाज को सुरक्षित बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है । टिहरी पुलिस का संदेश:”नशे को कहें ना, स्वस्थ जीवन को अपनाएं। आइए, हम सब मिलकर नशामुक्त टिहरी और नशामुक्त भारत के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें ।
















Leave a Reply